Himachal: Shinkula Tunnel : 16,580 फीट की ऊंचाई पर शिंकुला टनल परियोजना में सावन पर वैदिक यज्ञ, राष्ट्र निर्माण और सुरक्षित कार्य की कामना
बाबूशाही नेटवर्क
दारचा (लाहौल स्पीति ) 05 अगस्त 2026 : समुद्र तल से लगभग 16,580 फीट की ऊंचाई पर निर्माणाधीन शिंकुला टनल परियोजना में सावन माह के पावन अवसर पर गुम्बोक रंजन पर्वत स्थित बीआरओ (BRO) कैंप परिसर में भव्य वैदिक यज्ञ एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। धार्मिक आस्था, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण की भावना से आयोजित इस कार्यक्रम में परियोजना से जुड़े अधिकारियों, कर्मचारियों एवं श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस आयोजन का नेतृत्व बीआरओ अथॉरिटी, इंजीनियर पंडित आशीष शर्मा, टीम लीडर जय किशोर भारती, प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर विक्रम चौधरी, बीआरओ के कैप्टन तथा उनकी पूरी टीम ने संयुक्त रूप से किया। वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ यज्ञ संपन्न हुआ, जिसमें सभी ने परियोजना की सफलता एवं कर्मियों की सुरक्षा के लिए प्रार्थना की।
यज्ञ का मुख्य अनुष्ठान इंजीनियर पंडित आशीष शर्मा के सान्निध्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर उन्होंने भगवान भोलेनाथ से शिंकुला टनल परियोजना के सफल एवं सुरक्षित निर्माण, सभी कर्मियों के उत्तम स्वास्थ्य तथा कार्य की निरंतर प्रगति की कामना की। उन्होंने कहा कि सावन के प्रथम सोमवार पर आयोजित यह यज्ञ सकारात्मक ऊर्जा, सुरक्षित कार्य वातावरण और परियोजना की निरंतर सफलता का प्रतीक है। उन्होंने भविष्य में भी प्रत्येक सावन माह में इसी प्रकार यज्ञ एवं भंडारे का आयोजन करने का सुझाव दिया, ताकि भगवान शिव की कृपा से शिंकुला टनल का निर्माण कार्य सुरक्षित, सुचारु एवं सफलतापूर्वक आगे बढ़ता रहे।
यज्ञ के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बीआरओ अधिकारियों, कर्मचारियों तथा उपस्थित श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। समुद्र तल से 16,580 फीट की दुर्गम एवं चुनौतीपूर्ण ऊंचाई पर आयोजित यह धार्मिक आयोजन आस्था, सामूहिक सहयोग और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का प्रेरणादायक उदाहरण बनकर उभरा। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →