Himachal CBSE Schools : वोकेशनल ट्रेनर ही पढ़ाएंगे बैंकिंग-फूड न्यूट्रिशन, सरकारी सीबीएसई स्कूलों को लेकर शिक्षा विभाग का बड़ा फैसला
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला : 21 सितंबर 2026 : प्रदेश के सरकारी सीबीएसई स्कूलों में वोकेशनल ट्रेड और विषयों को लेकर शिक्षा विभाग ने अहम फैसले लिए हैं। निदेशक स्कूल शिक्षा की अध्यक्षता में हुई बैठक में बैंकिंग, फूड प्रोसेसिंग, प्लंबिंग, टेलिकॉम और सिक्योरिटी ट्रेड सहित विषयों की निरंतरता, समकक्षता और वोकेशनल ट्रेनरों के युक्तिकरण पर हुई चर्चा में यह तय किया गया कि बैंकिंग-बीएफएसआई ट्रेड के मौजूदा वोकेशनल ट्रेनरों को फिलहाल जारी रखा जाएगा और वे सीबीएसई स्कूलों में बैंकिंग विषय पढ़ाएंगे।
इसके लिए राज्य परियोजना निदेशालय की ओर से सीबीएसई से औपचारिक मंजूरी और स्पष्टीकरण लिया जाएगा। इसी तरह फूड प्रोसेसिंग ट्रेड के वोकेशनल ट्रेनरों को फिलहाल फूड, न्यूट्रिशन एंड डायटेटिक्स पढ़ाने की अनुमति दी गई है। प्लंबिंग ट्रेड को सीबीएसई स्कूलों में जारी नहीं रखा जाएगा। प्लंबिंग और जियोस्पेशियल टेक्नोलॉजी के लिए प्रशिक्षकों की योग्यता और जॉब रोल अलग-अलग हैं।
इसलिए प्लंबिंग विषय और संबंधित वोकेशनल ट्रेनरों को तत्काल शिफ्ट/युक्तिसंगत करने का निर्णय लिया गया है। टेलिकॉम ट्रेनरों को फिलहाल इलेक्ट्रिकल टेक्नोलॉजी पढ़ाने की अनुमति दी गई है। दूसरी ओर, सिक्योरिटी ट्रेड के वोकेशनल ट्रेनरों को मौजूदा व्यवस्था में जारी नहीं रखा जाएगा और इनके शिफ्टिंग और युक्तिकरण की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। स्कूलों में इन्फॉर्मेटिक्स प्रैक्टिसेज और कम्प्यूटर साइंस दोनों विषय उपलब्ध करवाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →