सी जी सी यूनिवर्सिटी मोहाली में चौथी राष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता 2026 का सफल आयोजन
14 राज्यों के 54 कॉलेजों की 70 टीमों ने लिया हिस्सा; बनस्थली विद्यापीठ ने हासिल किया प्रथम स्थान
मोहाली, 12 नवंबर
सी जी सी यूनिवर्सिटी मोहाली के स्कूल ऑफ लीगल स्टडीज द्वारा तीन दिवसीय चौथी राष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता 2026 का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देश के 14 राज्यों और 36 शहरों के 54 कॉलेजों की 70 टीमों के कुल 210 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को कानूनी शोध, दलीलों की तैयारी, मेमोरियल लेखन और अदालत में प्रभावशाली प्रस्तुति जैसे व्यावहारिक कौशल प्रदर्शित करने के लिए एक अनूठा मंच प्रदान किया।
यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर डॉ. विनय कुमार गोयल और स्कूल ऑफ लीगल स्टडीज के डीन प्रो. (डॉ.) जे.पी. यादव के मार्गदर्शन एवं निगरानी में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्घाटन हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा ने मुख्य अतिथि के रूप में किया।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रारंभिक चरणों और नॉकआउट राउंड में अपनी कानूनी समझ, तार्किक सोच और प्रभावशाली दलीलों के माध्यम से प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कुल 70 टीमों में से 32 टीमों ने नॉकआउट चरण में अपनी जगह बनाई।
सेमीफाइनल मुकाबलों में भारती विद्यापीठ, सिम्बायोसिस लॉ स्कूल पुणे, यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ लीगल स्टडीज, पंजाब यूनिवर्सिटी और आर्मी इंस्टीट्यूट ऑफ लॉ मोहाली की टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। फाइनल मुकाबला भारती विद्यापीठ और आर्मी इंस्टीट्यूट ऑफ लॉ मोहाली की टीमों के बीच हुआ। दोनों टीमों ने अपने कानूनी ज्ञान, तथ्यों की गहरी समझ और प्रभावशाली दलीलें प्रस्तुत करने की उत्कृष्ट क्षमता का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के वर्तमान न्यायाधीश माननीय जस्टिस रोहित कपूर और हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश माननीय जस्टिस अजय तिवारी ने विशेष रूप से शिरकत की। फाइनल मुकाबले का मूल्यांकन सेवानिवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री हरनाम सिंह ठाकुर और श्री इंद्रजीत कौशिक ने किया।
प्रतियोगिता में बनस्थली विद्यापीठ की टीम टी सी -1 ने विजेता ट्रॉफी अपने नाम की, जबकि आर्मी इंस्टीट्यूट ऑफ लॉ मोहाली की टीम टी सी -12 उपविजेता रही। व्यक्तिगत एवं विशेष पुरस्कारों की श्रेणी में बनस्थली विद्यापीठ को बेस्ट रिसर्चर, क्राइस्ट यूनिवर्सिटी बेंगलुरु को बेस्ट मेमोरियल और डॉ. बी.आर. अंबेडकर स्कूल ऑफ लॉ को बेस्ट स्पीकर का पुरस्कार प्रदान किया गया।
इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता को सफल बनाने में यूनिवर्सिटी प्रबंधन, फैकल्टी सदस्यों, मूट कोर्ट सोसाइटी और विद्यार्थी स्वयंसेवकों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनकी बेहतरीन योजना, समन्वय और सामूहिक प्रयासों से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।सीजीसी यूनिवर्सिटी मोहाली के एम डी अर्श धालीवाल ने कहा कि इस तरह की राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखकर वास्तविक अदालती प्रक्रियाओं, कानूनी शोध और व्यावहारिक पैरवी से जोड़ती हैं। यूनिवर्सिटी भविष्य के कानूनी विशेषज्ञों को तैयार करने तथा उनमें पेशेवर दक्षता, आत्मविश्वास और न्याय के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
- Download Babushahi Hindi App
-
-