अलविदा ताईः आशा भोसले के निधन से सिने जगत में गहरा शोक, अंतिम दर्शन को पहुंच रहे Celebs
मुंबईः दिग्गज गायिका आशा भोसले अब हमारे बीच नहीं रहीं। रविवार दोपहर 92 साल की उम्र में उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया। उनके जाने के बाद से ही सिने जगत में शोक है। शाहरुख खान से लेकर आमिर खान तक और सोनू निगम से लेकर श्रेया घोषाल तक; हर कोई उन्हें श्रद्धांजलि दे रहा है। आशा ताई का पार्थिव शरीर अस्पताल से उनके घर पहुंच चुका है, जहां सेलेब्स उनके आखिरी दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
आलिया भट्ट, रश्मिका मंदाना, अनुष्का शर्मा, चिरंजीवी जैसे बॉलीवुड और साउथ सेलेब्स ने आशा भोसले के निधन पर शोक व्यक्त किया है। सोनू निगम ने आशा भाेसले के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। संगीत जगत में दिए गए उनके योगदान को याद किया। आशा भोसले के निधन की खबर सुनकर शाहरुख खान का मन दुखी हो गया है। अभिनेता ने सोशल मीडिया पोस्ट करके अपना दुख जाहिर किया है।
करीना कपूर ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर आशा भाेसले की एक पुरानी तस्वीर साझा की। उन्हें श्रद्धांजलि दी। अभिनेत्री करीना कपूर दिग्गज गायिका के निधन पर बहुत दुखी हैं।
आशा भोसले के निधन पर अभिनेता संजय दत्त भी गमगीन हैं। इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा करते हुए उन्होंने आशा भोसले और उनकी संगीत यात्रा को याद किया है।