अमृतसर के स्कूलों को बम की धमकी पर भड़के अक्षय शर्मा: आप सरकार को घेरा
युवाओं के पलायन और 'फेक' एनकाउंटर्स के दावों पर सरकार को कटघरे में खड़ा किया
अमृतसर: अमृतसर के प्रतिष्ठित स्कूलों को एक बार फिर बम से उड़ाने की मिली सिलसिलेवार धमकियों ने शहर के अभिभावकों और बच्चों के बीच दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। इस संवेदनशील मुद्दे पर अमृतसर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के वरिष्ठ नेता अक्षय शर्मा ने आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला है। अक्षय शर्मा ने दो टूक कहा कि किसी भी चुनी हुई सरकार का सबसे पहला कर्तव्य अपने नागरिकों, विशेषकर बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना होता है, लेकिन वर्तमान पंजाब सरकार ने सुरक्षा जैसे गंभीर मुद्दे को पूरी तरह हाशिए पर धकेल दिया है।
अक्षय शर्मा ने पंजाब की बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर गहरी चिंता जताते हुए कहा कि सरकार राज्य में बढ़ते अपराध को महज एक 'साधारण घटनाक्रम' की तरह देख रही है। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा, "यह केवल एक धमकी नहीं है, बल्कि पंजाब के भविष्य पर ध्यान हमला है। इसी तरह के क्राइम कल्चर ने पंजाब की पिछली कई सदियां बर्बाद कर दी हैं और अब वर्तमान सरकार की अनदेखी फिर से वही काले दिन वापस ला रही है।" उन्होंने आगे कहा कि आज पंजाब का नौजवान अपने ही घर में डर के साये में जीने को मजबूर है। यही कारण है कि यहाँ का युवा तेजी से विदेश पलायन कर रहा है, क्योंकि उसे अब अपना पंजाब सुरक्षित महसूस नहीं हो रहा। अक्षय शर्मा ने सवाल किया कि यदि स्कूल जाने वाले बच्चे ही सुरक्षित महसूस नहीं करेंगे, तो पंजाब का भविष्य कैसे सुरक्षित रहेगा?
सरकार की बहुचर्चित 'युद्ध नशे विरुद्ध' मुहिम को आड़े हाथों लेते हुए अक्षय शर्मा ने कहा कि यह अभियान केवल सोशल मीडिया और कागजों तक सीमित रह गया है। जमीनी हकीकत यह है कि नशा आज भी पंजाब की रगों को खोखला कर रहा है और सरकार केवल खोखले दावों में उलझी हुई है। अब तो नौजवानों की ओर से भी इस मुहिम में पुलिस ओर उच्च अधिकारियों के शामिल होने के सवाल सरेआम उठाए जा रहे हैं।
हाल के दिनों में हुए पुलिस ऑपरेशन्स पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में हो रहे एनकाउंटर्स 'फेक' प्रतीत हो रहे हैं। उन्होंने कहा, "ये कथित एनकाउंटर्स जनता के मन में विश्वास पैदा करने के बजाय संदेह पैदा कर रहे हैं। क्या सरकार असली दोषियों को पकड़ने के बजाय केवल आंकड़े पेश करने की कोशिश कर रही है?"
अक्षय शर्मा ने इस बात पर गहरा रोष व्यक्त किया कि स्कूलों को मिल रही इन धमकियों का अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है और प्रशासन पूरी तरह दिशाहीन नजर आ रहा है। मुख्यमंत्री पर सीधा निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि इतने संवेदनशील और डरावने मुद्दे पर मुख्यमंत्री जी की चुप्पी हैरान करने वाली है। वह कहीं भी जनता को जवाब देते नजर नहीं आ रहे। उनकी यह खामोशी पंजाब की सुरक्षा के प्रति उनकी गंभीरता पर बड़े सवाल खड़े करती है। मुख्यमंत्री की अगर सेहत ठीक नहीं भी है तो भी उन्हें पंजाब के लिए जरूरी फैसले जल्द से जल्द लेने चाहिए कि आखिर ये धमकी देने वाले तत्व कानून की गिरफ्त से बाहर क्यों हैं?"
अंत में, अक्षय शर्मा ने सरकार को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द ही सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया गया और धमकियों के पीछे छिपे असली चेहरों को बेनकाब नहीं किया गया, तो भारतीय जनता पार्टी खामोश नहीं बैठेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा जनता के हक और बच्चों की सुरक्षा के लिए सड़कों पर उतरकर एक बड़ा जन-आंदोलन खड़ा करेगी।
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →