कांगड़ा एयरपोर्ट के विस्तार को मिलेगी उड़ान; दो माह में फाइनल होगी फीजिबिलिटी रिपोर्ट, हिमाचल में बनेंगे हेलीपोर्ट
शिमला से नियमित उड़ानों पर भी केंद्र का भरोसा, हेलीपोर्ट के लिए ‘उड़ान’ योजना से मिलेगी वित्तीय मदद
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला, 9 सितंबर 2926 : हिमाचल में पर्यटन और दुर्गम क्षेत्रों की कनेक्टिविटी को नई उड़ान देने की तैयारी तेज हो गई है। कांगड़ा एयरपोर्ट के विस्तार की टेक्नो-इकोनॉमिक फीजिबिलिटी रिपोर्ट अब दो माह में अंतिम रूप लेने की उम्मीद है। केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, प्रदेश में हेलीपोर्ट नेटवर्क मजबूत करने के लिए केंद्र ने उड़ान योजना के तहत वित्तीय सहायता देने पर सहमति जताई है।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय नागर विमानन मंत्री से मुलाकात कर प्रदेश में हवाई संपर्क और विमानन ढांचे को मजबूत करने से जुड़े मुद्दे उठाए। बैठक में सबसे प्रमुख मामला कांगड़ा एयरपोर्ट के विस्तार का रहा।
भूमि अधिग्रहण पूरा, अब रिपोर्ट का इंतजार
मुख्यमंत्री ने बताया कि कांगड़ा एयरपोर्ट के विस्तार के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पहले ही पूरी की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि हिमाचल की अर्थव्यवस्था में पर्यटन की महत्वपूर्ण भूमिका है और बेहतर हवाई संपर्क से पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने के साथ पर्यटन को भी गति मिलेगी।
केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों को परियोजना के लिए सक्षम सलाहकार नियुक्त करने और दो माह के भीतर टेक्नो-इकोनॉमिक फीजिबिलिटी रिपोर्ट को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) से एयरपोर्ट विस्तार की लागत का यथार्थपरक आकलन करने का भी आग्रह किया।
दूरदराज हिमाचल को हेलीपोर्ट से मिलेगी ‘हवाई राह’
बैठक में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में प्रस्तावित और विकसित किए जा रहे हेलीपोर्ट का मुद्दा भी उठा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में हेलीपोर्ट नेटवर्क पर्यटन के साथ-साथ आपदा, स्वास्थ्य और आपातकालीन सेवाओं के लिए भी बेहद उपयोगी साबित हो सकता है।
केंद्र सरकार ने उड़ान योजना के तहत हिमाचल में हेलीपोर्ट निर्माण के लिए वित्तीय सहायता देने पर सहमति जताई है। इससे प्रदेश के दुर्गम क्षेत्रों को बेहतर हवाई संपर्क से जोड़ने की योजना को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
शिमला एयरपोर्ट से नियमित उड़ानों की उम्मीद
बैठक में शिमला एयरपोर्ट से नियमित उड़ानों के संचालन पर भी चर्चा हुई। केंद्रीय मंत्री ने शिमला को नियमित हवाई संपर्क उपलब्ध करवाने के लिए आवश्यक सहयोग का भरोसा दिया। रनवे की क्षमता को ध्यान में रखते हुए उपयुक्त विमानों के संचालन की संभावनाओं पर भी विचार किया गया।
शिमला एयरपोर्ट की सुरक्षा हिमाचल पुलिस को देने पर सहमति
मुख्यमंत्री ने कांगड़ा एयरपोर्ट की तर्ज पर शिमला एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था सीआईएसएफ के स्थान पर हिमाचल प्रदेश पुलिस को सौंपने का प्रस्ताव रखा। केंद्रीय मंत्रालय ने इस प्रस्ताव पर सहमति व्यक्त की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांगड़ा एयरपोर्ट का विस्तार, शिमला से नियमित हवाई सेवाएं और प्रदेश में हेलीपोर्ट नेटवर्क का विस्तार हिमाचल के लिए गेमचेंजर साबित हो सकता है। इससे जहां पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, वहीं दुर्गम क्षेत्रों के लोगों को भी तेज और बेहतर हवाई संपर्क उपलब्ध होगा। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →