गोल्डन बेटियों पर बरसा सुक्खू सरकार का खजाना, एक-एक करोड़ और सरकारी नौकरी का
पुष्पा, ज्योति और भावना को सम्मान राशि के साथ नौकरी; क्रिकेटर रेणुका ठाकुर को भी मिलेगा एक करोड़
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला : 05 अक्टूबर 2026 : एशियाई खेलों में देश के लिए स्वर्ण पदक जीतकर हिमाचल का मान बढ़ाने वाली प्रदेश की बेटियों पर सुक्खू सरकार ने बड़ा इनाम घोषित किया है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सोमवार को महिला कबड्डी टीम की स्वर्ण पदक विजेता पुष्पा राणा, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर को एक-एक करोड़ रुपये की सम्मान राशि देने के साथ सरकारी नौकरी देने का ऐलान किया।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान तीनों खिलाड़ियों को हिमाचली टोपी और शाल पहनाकर सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन बेटियों की उपलब्धि से पूरे हिमाचल का सिर गर्व से ऊंचा हुआ है। सरकार जल्द ही इनके सम्मान में समारोह आयोजित कर पुरस्कार राशि प्रदान करेगी।
नौकरी में भी मिलेगा विकल्प
सरकार ने खिलाड़ियों के लिए नौकरी का विकल्प भी खुला रखा है। मुख्यमंत्री के अनुसार जो खिलाड़ी पुलिस विभाग में नौकरी नहीं करना चाहेंगी, उन्हें खेल विभाग में नियुक्ति दी जाएगी। नियुक्ति खिलाड़ियों की योग्यता और उपलब्धियों के आधार पर की जाएगी।
रेणुका ठाकुर को भी एक करोड़
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी रेणुका ठाकुर को भी सरकार ने एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि देने की घोषणा की है। एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम का हिस्सा रही रेणुका का नाम पहले राज्य की घोषित पुरस्कार सूची में नहीं था, जिसको लेकर सवाल उठे थे। अब मुख्यमंत्री ने उन्हें भी सम्मान राशि देने का ऐलान किया है।
पहले 33-33 लाख की घोषणा, अब बढ़ा सम्मान
इससे पहले सरकार ने भारतीय महिला कबड्डी टीम की हिमाचली खिलाड़ियों के लिए 33-33 लाख रुपये की पुरस्कार राशि घोषित की थी। पुरस्कार राशि को लेकर उठे सवालों के बीच अब पुष्पा राणा, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर के लिए एक-एक करोड़ रुपये का बड़ा पैकेज घोषित किया गया है। मुख्यमंत्री के इस ऐलान को हिमाचल की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →