जयराम का सुक्खू सरकार पर बड़ा हमला, बोले- ‘मित्र मंडल’ चला रहा प्रदेश
चुनाव से उद्योग तक सुक्खू सरकार पर बरसे जयराम, बोले- भाजपा ने सुप्रीम कोर्ट तक लड़ी लोकतंत्र की लड़ाई
बाबूशाही ब्यूरो
सोलन/बद्दी : 05 अक्टूबर 2026 : पंचायती राज संस्थाओं के नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों के सम्मान समारोह में पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव टालने के लिए हरसंभव प्रयास किए, लेकिन भाजपा ने जनता के लोकतांत्रिक अधिकार की लड़ाई सड़क से लेकर सर्वोच्च न्यायालय तक लड़ी। इसके बाद सरकार को चुनाव करवाने के लिए मजबूर होना पड़ा।
बद्दी में आयोजित सम्मान समारोह में जयराम ठाकुर ने कहा कि जनता के आशीर्वाद से चुने गए पंचायती राज प्रतिनिधियों का सम्मान लोकतंत्र की मजबूती का प्रतीक है। उन्होंने नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों से अपने क्षेत्रों के विकास और जनता की सेवा को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इन प्रतिनिधियों का चुनाव लोकतंत्र की जीत और जनभावनाओं की विजय है।
‘मंत्रिमंडल नहीं, मित्र मंडल ले रहा फैसले’
जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि “हिमाचल में आज मंत्रिमंडल नहीं, मित्र मंडल फैसले ले रहा है।” उन्होंने आरोप लगाया कि इसी का असर प्रदेश की व्यवस्था पर दिखाई दे रहा है। विशेषकर बद्दी-दून जैसे महत्वपूर्ण औद्योगिक क्षेत्र में कानून-व्यवस्था, विकास और उद्योगों से जुड़े मामलों पर सरकार गंभीरता से काम नहीं कर रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के हितों के साथ लगातार समझौते किए जा रहे हैं और सरकार अपने मित्रों को खुश करने में लगी है। उन्होंने इसे ‘हिमाचल ऑन सेल’ की स्थिति करार दिया।
कार्यकर्ताओं से सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने का आह्वान
नेता प्रतिपक्ष ने भाजपा कार्यकर्ताओं और नवनिर्वाचित पंचायती राज प्रतिनिधियों से एकजुट होकर जनता के बीच जाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार की नाकामियों और जनविरोधी फैसलों को जनता के सामने रखा जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आने वाले समय में भाजपा की जीत के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया।
नालागढ़ में उद्योगों को लेकर भी सरकार पर निशाना
नालागढ़ में पत्रकारों से बातचीत के दौरान जयराम ठाकुर ने औद्योगिक क्षेत्र में कथित अव्यवस्थाओं को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के संरक्षण में उद्योगों से वसूली का नेटवर्क चल रहा है, जिससे प्रदेश में निवेश और रोजगार की संभावनाएं प्रभावित हो रही हैं।
उन्होंने कहा कि प्लॉट आवंटन के नाम पर करोड़ों रुपये की वसूली, टैक्स पर टैक्स और कुछ अधिकारियों की तैनाती के माध्यम से उद्योगों का दोहन किया जा रहा है। उनका आरोप था कि इससे उद्योगों का भरोसा टूट रहा है और कई उद्योग प्रदेश से बाहर जाने की स्थिति में हैं।
‘सरकार वसूली में मस्त, लोग प्रदूषण से त्रस्त’
जयराम ठाकुर ने बद्दी में प्रदूषण की समस्या को लेकर भी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में प्रदूषण से लोग परेशान हैं और लगातार धरने-प्रदर्शन हो रहे हैं, लेकिन सरकार इस समस्या का प्रभावी समाधान नहीं कर रही।
उन्होंने दावा किया कि एशिया की बड़ी फार्मा इंडस्ट्री के यहां से बाहर जाने की स्थिति प्रदेश के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि उद्योगों का पलायन हुआ तो निवेश का माहौल प्रभावित होगा, राजस्व घटेगा और युवाओं के रोजगार के अवसर भी कम होंगे।
जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री से आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति से बाहर निकलकर प्रदेश के उद्योग, रोजगार और आर्थिक हितों पर ध्यान देने की मांग की।
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →