जालंधर में PM मोदी के दौरे को लेकर पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजारी जारी की
जालंधर, 17 जुलाई, 2026ः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जालंधर दौरे को देखते हुए कमिश्नरेट पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह (IPS) के नेतृत्व में और एडीसीपी ट्रैफिक गुरबाज सिंह व एसीपी ट्रैफिक अजय सिंह की निगरानी में शहर के प्रवेश, निकास और अंदरूनी मार्गों पर विशेष डायवर्जन प्लान लागू किया गया है।

- वाहनों के लिए नया ट्रैफिक प्लान जारी: लुधियाना से श्री अमृतसर साहिब की ओर जाने वाले कंटेनर, ट्रक और टिप्पर जैसे भारी वाणिज्यिक वाहनों के लिए रूट डायवर्ट किया गया है। इन वाहनों को फगवाड़ा सतनामपुरा, जंडियाला, नकोदर, कपूरथला और सुभानपुर के रास्ते भेजा जाएगा। वहीं, लुधियाना से होशियारपुर या पठानकोट जाने वाले भारी वाहनों को चंडीगढ़ बाईपास (कोनिका रिसॉर्ट के पास), मेहटियाना, होशियारपुर और दसूहा होते हुए जाना होगा। इसके अलावा मोगा से पठानकोट जाने वाले भारी वाहनों को नकोदर, कपूरथला, सुभानपुर, नडाला और टांडा के रास्ते डायवर्ट किया गया है।
- बसों के संचालन के लिए नए मार्ग: जालंधर से श्री अमृतसर साहिब जाने वाली सभी बसें कपूरथला और सुभानपुर रूट से होकर चलेंगी। वहीं, होशियारपुर रूट की बसों को नकोदर चौक, कपूरथला चौक, वेरका मिल्क प्लांट, पठानकोट चौक, किशनगढ़ और आदमपुर के रास्ते भेजा जाएगा। लुधियाना जाने वाली बसें समरा चौक, 66 फीट रोड जमशेर, जीएनए चौक, हवेली और फगवाड़ा मार्ग से चलेंगी। इसके अलावा पठानकोट से जालंधर आने वाली बसें पठानकोट चौक, मकसूदां चौक, वर्कशॉप चौक, कपूरथला चौक और नकोदर चौक रूट का इस्तेमाल करेंगी।
- शहर का आंतरिक ट्रैफिक और लोकल डायवर्जन: स्थानीय लोगों की सुविधा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए शहर के 31 प्रमुख कट और चौकों पर डायवर्जन लागू किया गया है। मैकडॉनल्ड्स कट और जीएनए चौक से आने वाले ट्रैफिक को दीप नगर, दशहरा ग्राउंड और डिफेंस कॉलोनी की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
- जालंधर ग्रामीण पुलिस ने शुक्रवार, 17 जुलाई 2026 को सुबह 8:00 बजे से शाम 8:00 बजे तक विशेष ट्रैफिक डायवर्जन योजना लागू की है। सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने, यातायात सुचारु बनाए रखने और आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न स्थानों पर डायवर्जन प्वाइंट निर्धारित किए गए हैं।

Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →