देश की एकता और अखंडता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का सर्वोपरि कर्तव्य:-विधायक विनोद भयाना
सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर हांसी में आयोजित हुआ रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम
दिनकर गावड़ी
हांसी, 31 अक्टूबर,2026ः विधायक विनोद भयाना ने कहा कि आज का दिन भारत के इतिहास में अत्यंत महत्वपूर्ण और गौरवशाली है। आज ही के दिन देश के महान स्वतंत्रता सेनानी और लौह पुरुष के नाम से विख्यात सरदार वल्लभभाई पटेल का जन्म हुआ था। उन्होंने आजादी के बाद देश की छोटी-बड़ी 565 रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। सरदार पटेल की दूरदर्शिता, दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्र के प्रति समर्पण के कारण ही भारत एक सशक्त और एकजुट राष्ट्र के रूप में स्थापित हो सका। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का संपूर्ण जीवन हमें राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने तथा देश की एकता और अखंडता के लिए समर्पित रहने की प्रेरणा देता है।
विधायक विनोद भयाना शनिवार को स्थानीय सनातन धर्म महिला महाविद्यालय के सभागार में सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार पूरे देश और हरियाणा प्रदेश में राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर रन फॉर यूनिटी सहित विभिन्न देशभक्ति एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य नागरिकों विशेषकर युवा पीढ़ी में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि गुजरात में सरदार वल्लभभाई पटेल की विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी की स्थापना भी हम सभी देशवासियों के लिए गौरव का विषय है। यह प्रतिमा सरदार पटेल के अद्वितीय व्यक्तित्व, उनके योगदान और भारत की एकता का प्रतीक है।
कार्यक्रम से पहले स्थानीय लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह से सरदार वल्लभभाई पटेल चौक तक रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। विधायक विनोद भयाना ने स्वयं इस दौड़ का नेतृत्व किया। इसमें विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों, गणमान्य नागरिकों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दौड़ के माध्यम से प्रतिभागियों ने देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। सरदार वल्लभभाई पटेल चौक पर पहुंचने के बाद विधायक विनोद भयाना सहित उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने लौह पुरुष की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके राष्ट्र निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान को याद किया।
महाविद्यालय के सभागार में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के दौरान विधायक विनोद भयाना ने उपस्थित नागरिकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को देश की एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा बनाए रखने की शपथ भी दिलाई। उन्होंने कहा कि भारत की असली ताकत उसकी विविधता में एकता है। अलग-अलग भाषा, वेशभूषा, संस्कृति और परंपराओं के बावजूद हम सभी एक राष्ट्र के नागरिक हैं। देश की एकता को मजबूत बनाए रखना केवल सरकार या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। हमें अपने व्यवहार और कार्यों से समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को बढ़ावा देना चाहिए तथा राष्ट्रहित को हमेशा सर्वोपरि रखना चाहिए।
इस अवसर पर कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं एसडीएम राजेश खोथ ने भी बताया कि राष्ट्रीय एकता दिवस हमें सरदार वल्लभभाई पटेल के महान योगदान और उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लेने का अवसर प्रदान करता है। सरदार पटेल ने अपनी असाधारण नेतृत्व क्षमता, दृढ़ संकल्प और दूरदर्शिता से देश की रियासतों का एकीकरण कर भारत की राजनीतिक और भौगोलिक एकता को मजबूत आधार प्रदान किया। उनका जीवन इस बात का उदाहरण है कि मजबूत इच्छाशक्ति, आपसी सहयोग और सामूहिक प्रयासों से बड़ी से बड़ी चुनौती का सामना किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को सरदार पटेल के जीवन से प्रेरणा लेते हुए देश के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए। विद्यार्थियों और युवाओं को शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों को भी समझना चाहिए। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्र के भेदभाव से ऊपर उठकर राष्ट्र की एकता, अखंडता और भाईचारे को मजबूत बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →