धौलासिद्ध प्रोजेक्ट पर बड़ा दांव: 800 करोड़ देकर SJVN से वापस लेगी हिमाचल सरकार
सीएम सुक्खू बोले : प्रदेश के अधिकारों से समझौता नहीं; हमीरपुर मेडिकल कॉलेज पर भाजपा के दावों को भी घेरा
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला/नादौन, 18 सितंबर। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने धौलासिद्ध जलविद्युत परियोजना को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल सरकार 800 करोड़ रुपये देकर धौलासिद्ध प्रोजेक्ट को एसजेवीएनएल से वापस लेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के हितों और अधिकारों की रक्षा के लिए सरकार किसी भी स्तर पर समझौता नहीं करेगी।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को नादौन विधानसभा क्षेत्र में ब्यास नदी पर 31.19 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 250 मीटर लंबे डबल लेन मोटरेबल एवं फुटपाथ युक्त सधोड़ा पत्तन पुल का शिलान्यास करने के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
30 हजार लोगों को मिलेगा सीधा फायदा
सधोड़ा पत्तन पुल नादौन के दोबड़ कलां को कांगड़ा जिले के ज्वालामुखी क्षेत्र के सिल्ह गांव से जोड़ेगा। इससे नादौन और ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्रों की 15 ग्राम पंचायतों के 30 हजार से अधिक लोगों को लाभ मिलेगा। सुजानपुर क्षेत्र के लोगों के लिए भी यह पुल आवागमन को आसान बनाएगा।
पुल बनने से नादौन-ज्वालामुखी के बीच निकटतम सड़क संपर्क उपलब्ध होगा। इससे यात्रा की दूरी और समय दोनों कम होंगे तथा क्षेत्र में व्यापारिक और सामाजिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।
मेडिकल कॉलेज पर सुक्खू ने अनुराग ठाकुर को घेरा
हमीरपुर मेडिकल कॉलेज को लेकर मुख्यमंत्री ने सांसद अनुराग सिंह ठाकुर के दावों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज भाजपा की देन नहीं है, बल्कि तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के कार्यकाल में इसे मंजूरी मिली थी। मुख्यमंत्री के अनुसार इसकी अधिसूचना 22 जनवरी 2014 को हुई थी और केंद्र ने उस समय 180 करोड़ रुपये स्वीकृत किए थे।
सुक्खू ने दावा किया कि उनके विधायक रहते मेडिकल कॉलेज के निर्माण के लिए फॉरेस्ट क्लीयरेंस करवाई गई और अब यह कॉलेज करीब दो महीने में शुरू हो जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने मेडिकल कॉलेज के निर्माण पर अपने बजट से 450 करोड़ रुपये खर्च किए हैं, जबकि केंद्र से निर्माण के लिए कोई अतिरिक्त मदद नहीं मिली। उन्होंने कहा कि यदि हमीरपुर से मुख्यमंत्री नहीं बनता तो मेडिकल कॉलेज में सिर्फ चार दीवारें खड़ी रहतीं।
हमीरपुर में 500 करोड़ का कैंसर इंस्टीट्यूट
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में उत्तर भारत का पहला कैंसर इंस्टीट्यूट बनाया जा रहा है। जापान के सहयोग से करीब 500 करोड़ रुपये की लागत से इसका निर्माण प्रस्तावित है। इसके अलावा सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक के लिए 150 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में एम्स दिल्ली की तर्ज पर ऑटोमेटेड लैब स्थापित करने की बात भी मुख्यमंत्री ने कही। उन्होंने बताया कि एक ही सैंपल से करीब 1,200 टेस्ट करने की सुविधा के लिए प्रत्येक मेडिकल कॉलेज में लगभग 28 करोड़ रुपये की लागत से लैब स्थापित की जा रही हैं।
कांगड़ा टूरिज्म और हमीरपुर बनेगा एजुकेशन हब
सुक्खू ने कहा कि सरकार कांगड़ा को टूरिज्म कैपिटल और हमीरपुर को एजुकेशन कैपिटल के रूप में विकसित करने की दिशा में काम कर रही है। नादौन में एलाइड हेल्थकेयर कॉलेज और हमीरपुर में प्रदेश का पहला साइंस कॉलेज स्थापित किया जा रहा है। साइंस कॉलेज के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। नादौन में स्पोर्ट्स एक्सीलेंस सेंटर बनाया जा रहा है, जिसका उद्घाटन अक्तूबर में प्रस्तावित है। इससे क्षेत्र में स्पोर्ट्स टूरिज्म को बढ़ावा देने की योजना है।
ब्यास किनारे 400 करोड़ का रिवर फ्रंट, शुरू होगी ब्यास आरती
मुख्यमंत्री ने नादौन में ब्यास नदी के किनारे 400 करोड़ रुपये की लागत से रिवर फ्रंट विकसित करने की योजना भी गिनाई। उन्होंने कहा कि यहां ब्यास आरती शुरू की जाएगी। ज्वालामुखी के लुथान में 150 करोड़ रुपये की लागत से सुखाश्रय परिसर बनाया जा रहा है।
उन्होंने अमतर के पास एक और पुल बनाने तथा जिले की सड़कों को डबल लेन करने के कार्य की भी जानकारी दी।
आपदा में सहायता 1.50 लाख से बढ़ाकर 8.50 लाख रुपये
भाजपा पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने पूर्व सरकार पर प्रदेश की संपदा के दुरुपयोग और योजनाओं में घोटालों के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि आपदा में 23 हजार से अधिक घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए थे। प्रभावित परिवारों को दी जाने वाली सहायता राज्य सरकार ने अपने संसाधनों से 1.50 लाख से बढ़ाकर 8.50 लाख रुपये की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नादौन से उन्हें प्राकृतिक हल्दी को समर्थन मूल्य देने का विचार मिला। सरकार प्राकृतिक खेती से जुड़े उत्पादों को समर्थन मूल्य देने की दिशा में काम कर रही है।
दूध खरीद और मिल्क प्लांट का भी जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार गाय का दूध 61 रुपये और भैंस का दूध 71 रुपये प्रति लीटर की दर से खरीद रही है और भुगतान सीधे पशुपालकों के बैंक खातों में किया जा रहा है। ढगवार में 300 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट बनाया जा रहा है, जिसे इसी वर्ष के अंत तक शुरू करने का लक्ष्य है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने चुनी हुई सरकार को गिराने का प्रयास किया, लेकिन “भगवान और जनता दोनों सरकार के साथ हैं।” इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय पंचायत में पंचायत भवन और कम्युनिटी सेंटर के निर्माण के लिए दो करोड़ रुपये देने की घोषणा भी की।
ज्वालामुखी के विधायक संजय रतन ने सधोड़ा पत्तन पुल को नादौन-ज्वालामुखी क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक परियोजना बताया। उन्होंने कहा कि कई सरकारों के आने-जाने के बावजूद वर्षों पुरानी मांग पूरी नहीं हो पाई थी। पुल बनने से दोनों विधानसभा क्षेत्रों के साथ सुजानपुर के लोगों को भी सुविधा मिलेगी। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →