Himachal Pradesh: भेड़ बेचकर मिले ₹2 लाख रुपए युवतियों ने उड़ाए, जेब से नकदी छीनने पर दो गिरफ्तार
बाबूशाही ब्यूरो
कुल्लू: 17 सितंबर 2026 :
भेड़ बेचकर मिले दो लाख रुपये की नकदी की झपटमारी के मामले में कुल्लू पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपी युवतियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से झपटी गई रकम में से ₹1.03 लाख बरामद कर लिए हैं, जबकि शेष राशि की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
पुलिस के अनुसार, मामले में 17 सितंबर 2026 को पुलिस थाना कुल्लू में BNS की धारा 304(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि वह भेड़ पालन का काम करता है। उसने डोभी जोत में अपनी 120 भेड़ों में से 15 भेड़ें नग्गर निवासी मुनीलाल को बेची थीं। इन भेड़ों की एवज में उसे ₹2 लाख की नकदी मिली थी।
स्कूल के पास दो युवतियां आईं और जेब से निकाल लिए रुपये
शिकायत के मुताबिक, 16 सितंबर की रात करीब 9:30 बजे वह कुल्लू बस अड्डे से खोरी रोपा की ओर जा रहा था। जब वह सरकारी स्कूल खोरी रोपा के समीप पहुंचा, तभी दो युवतियां उसके पास आईं। आरोप है कि दोनों ने उसकी ऊनी हाफ जैकेट की जेब से ₹2 लाख की नकदी निकाल ली और मौके से फरार हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही कुल्लू पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर दोनों संदिग्ध युवतियों की पहचान सुनिश्चित की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
₹1.03 लाख बरामद, बाकी रकम की तलाश जारी
पुलिस ने आरोपियों से झपटी गई रकम में से ₹1,03,000 बरामद कर लिए हैं। शेष ₹97,000 की बरामदगी के लिए जांच और प्रयास जारी हैं। पुलिस घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और साक्ष्यों को भी खंगाल रही है।
दोनों आरोपियों को नियमानुसार गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया जा रहा है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →