लाहौल में बर्फबारी से नहीं रुकेगी डाक, अब आसमान से पहुंचेगी चिट्ठी; केलांग की 10 दूरस्थ शाखाएं ड्रोन नेटवर्क से जुड़ेंगी
बाबूशाही ब्यूरो
केलांग/मंडी: 18 सितंबर 2026 : लाहौल घाटी में सर्दियों की भारी बर्फबारी से सड़कें बंद हों, रास्ते बर्फ में दब जाएं या गांवों का संपर्क कट जाए, अब डाक सेवा रुकने की संभावना कम होगी। दुर्गम इलाकों तक डाक पहुंचाने के लिए डाक विभाग ने ड्रोन का सहारा लेने की तैयारी शुरू कर दी है।
विभाग की योजना के तहत केलांग क्षेत्र की 10 दूरस्थ डाक शाखाओं को ड्रोन डिलीवरी नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। इसके लिए जल्द ही सर्वे टीम केलांग पहुंचेगी। टीम चयनित शाखाओं के साथ संभावित ड्रोन रूट, दूरी और डिलीवरी की व्यवहारिकता का जायजा लेगी।
सड़क बंद होगी तो आसमान से पहुंचेगी डाक
लाहौल-स्पीति में सर्दियों के दौरान भारी बर्फबारी के कारण कई इलाकों का सड़क संपर्क प्रभावित हो जाता है। ऐसे में डाक वाहनों के जरिए समय पर चिट्ठियां, दस्तावेज और अन्य डाक सामग्री पहुंचाना चुनौती बन जाता है।
ड्रोन सेवा शुरू होने के बाद चयनित शाखाओं तक डाक सड़क के बजाय हवाई मार्ग से पहुंचाई जा सकेगी। इससे बर्फबारी के दौरान सड़क संपर्क बाधित होने पर भी डाक सेवा को जारी रखने में मदद मिलेगी।
मंडी में हो चुका है ड्रोन डाक का सफल प्रयोग
हिमाचल में ड्रोन आधारित डाक सेवा का प्रयोग पहले ही शुरू हो चुका है। 12 जून 2026 को मंडी प्रधान डाकघर और रेहड़धार शाखा के बीच ड्रोन से डाक और पार्सल पहुंचाने की सेवा शुरू की गई थी। डाक विभाग के अनुसार, सामान्य मार्ग से करीब 12 किलोमीटर की दूरी तय करने में दो घंटे से अधिक समय लग सकता था, जबकि ड्रोन से यह दूरी लगभग सात मिनट में तय की जा रही है। मंडी में हुए इस प्रयोग के बाद अब विभाग दुर्गम और जनजातीय क्षेत्रों में इस तकनीक का विस्तार करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
बर्फीले पहाड़ों में बदलेगा डाक पहुंचाने का तरीका
केलांग की 10 शाखाओं के लिए प्रस्तावित ड्रोन नेटवर्क खास तौर पर सर्दियों में उपयोगी हो सकता है। सर्वे के बाद यह तय किया जाएगा कि किन शाखाओं और किन रूट पर ड्रोन से डाक पहुंचाना सुरक्षित और व्यावहारिक रहेगा।
डाक विभाग के अनुसार इसका उद्देश्य केवल डाक पहुंचाने का नया माध्यम तैयार करना नहीं, बल्कि मौसम और भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद दुर्गम क्षेत्रों में डाक सेवा की निरंतरता बनाए रखना है। यानी आने वाली सर्दियों में लाहौल की बर्फीली वादियों में डाकिया सड़क से नहीं, आसमान के रास्ते दस्तक देता नजर आ सकता है। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →