Delhi Weather : घने कोहरे की चादर में लिपटा दिल्ली-एनसीआर, जानें अगले 2 दिन कैसा रहेगा मौसम
Babushahi Bureau
नई दिल्ली, 6 फरवरी 2026 : राजधानी और आसपास के इलाकों में शुक्रवार सुबह मौसम ने रफ्तार थाम दी। घने कोहरे की वजह से कई स्थानों पर दृश्यता 50 से 100 मीटर तक सिमट गई। पालम और सफदरजंग सहित प्रमुख इलाकों में कम विजिबिलिटी का असर सड़क यातायात पर साफ दिखा, जबकि कुछ उड़ानों और ट्रेनों के संचालन में भी देरी की सूचना है।
मौसम विभाग (IMD) ने दिन के शुरुआती घंटों में घने कोहरे और ठंडी हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। हालांकि, दोपहर तक कोहरा छंटने और हल्की धूप निकलने की संभावना है। आसमान में आंशिक बादल बने रह सकते हैं, लेकिन दिन के समय धूप से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
अगले दो दिन ऐसा ही रहेगा मिजाज
7 और 8 फरवरी को भी सुबह के समय कोहरा और दिन में सर्द हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है। 10 फरवरी के बाद तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे ठंड में कुछ कमी आने के संकेत हैं।
हवा में हल्का सुधार पर फिर भी 'अन्हेल्दी'
मौसम के साथ वायु गुणवत्ता भी चिंता बढ़ा रही है। औसत एक्यूआई 250 से 300 के बीच दर्ज किया गया है, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बुजुर्गों और सांस के मरीजों को सुबह के समय बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।
आज शहर का समग्र AQI 218 दर्ज किया गया, जो ‘अनहेल्दी’ श्रेणी में आता है। पीएम 2.5 का स्तर 218 और पीएम 10 का स्तर 136 रहा।
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →