पहली सरकारी कैब सर्विस भारत टैक्सी आज से शुरू होगी, गृह मंत्री शाह करेंगे लॉन्च
नई दिल्ली, 05 फरवरी,2026ः देश को गुरुवार से सहकारिता टैक्सी की सौगात मिलने जा रही है। भारत टैक्सी सफल पायलट प्रोजेक्ट के बाद अब पूरे देश में सेवाएं शुरू करेगी। इसमें शुरुआत में 1,200 ड्राइवर शामिल होंगे। सेवा की औपचारिक शुरुआत विज्ञान भवन में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह करेंगे। भारत टैक्सी देश का पहला सहकारिता-आधारित राइड-हेलिंग मंच है। इसमें ड्राइवर यानी सारथी ही मालिक व संचालक होंगे। इससे वे बड़े एग्रीगेटर मंच के शोषणकारी सिस्टम से मुक्त हो सकेंगे। कार्यक्रम में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छह सारथी सम्मानित किए जाएंगे। उन्हें शेयर प्रमाणपत्र दिए जाएंगे। हर सम्मानित सारथी को पांच लाख रुपये का निजी दुर्घटना बीमा व पांच लाख का पारिवारिक स्वास्थ्य बीमा दिया जाएगा।
इस नई सर्विस की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें ड्राइवरों से कोई कमीशन नहीं लिया जाएगा और वे खुद इस प्लेटफॉर्म के हिस्सेदार या मालिक होंगे।सहकारिता मंत्रालय के अनुसार, 'भारत टैक्सी' का उद्देश्य ड्राइवरों को निजी एग्रीगेटर कंपनियों के मॉडल से आजादी दिलाना है। टैक्सी का ट्रायल 2 दिसंबर को दिल्ली और गुजरात के राजकोट में शुरू किया गया था, जो सफल रहा है।
भारत टैक्सी का एप ओला-उबर जैसा होगा, जो नवंबर में एप स्टोर्स से डाउनलोड कर सकेंगे। एप हिंदी, गुजराती, मराठी और अंग्रेजी में होगा।हर राइड की 100% कमाई ड्राइवर को मिलेगी। उसे सिर्फ दैनिक, साप्ताहिक या मासिक शुल्क देना होगा, जो कि बहुत ही सामान्य रहेगा।
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →