हांसी में अवैध पिस्तौल और पांच जिंदा कारतूस सहित एक युवक गिरफ्तार
पुलिस चौकी शेखपुरा की टीम ने ढाणी केन्दु टी-प्वाइंट के पास की कार्रवाई, आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज।
दिनकर गावड़ी
हांसी, 31 अक्टूबर,2026ः पुलिस अधीक्षक हांसी विनोद कुमार के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में हांसी पुलिस द्वारा अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना सदर हांसी के अंतर्गत पुलिस चौकी शेखपुरा की टीम ने ढाणी केन्दु टी-प्वाइंट के पास एक युवक को अवैध .315 बोर पिस्तौल और पांच जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार किया है।
सहायक उप निरीक्षक सत्यवान ने जानकारी दी की एएसआई नरेश कुमार पुलिस टीम के साथ एनएच-9 पुल के पास ढाणी केन्दु टी-प्वाइंट पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान ढाणी कुन्दनापुर की तरफ से एक युवक पैदल आता दिखाई दिया। पुलिस टीम को सामने देखकर युवक अचानक वापस मुड़कर तेज कदमों से चलने लगा। शक होने पर पुलिस टीम ने पीछा कर उसे पुल के नीचे काबू कर लिया।
पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान इन्द्र पुत्र बलराज निवासी ढाणी केन्दु के रूप में बताई। तलाशी लेने पर उसकी पेंट की जेब से एक अवैध .315 बोर पिस्तौल बरामद हुआ। पिस्तौल के चैम्बर में एक जिंदा कारतूस मिला। इसके अलावा उसकी पेंट की जेब से चार जिंदा कारतूस और बरामद हुए। पुलिस ने अवैध पिस्तौल और पांचों कारतूस को नियमानुसार कब्जे में लेकर सील कर दिया।
पुलिस द्वारा आरोपी से हथियार रखने का लाइसेंस या परमिट मांगा गया, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इस पर आरोपी के खिलाफ थाना सदर हांसी में शस्त्र अधिनियम के तहत धारा 25(1-B)(a)-54-59 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। मामले में आगामी जांच एवं कानूनी कार्रवाई जारी है।
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →