Himachal: गाड़ी लॉक और अंदर पड़ी थी लाश; मनाली से पालमपुर आ रहे व्यक्ति की कार में मौत से मचा हड़कंप
बाबूशाही ब्यूरो
मंडी, 20 अप्रैल 2026 : हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला में एक कार के अंदर व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। वहीं, सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।
संदिग्ध अवस्था में खड़ी मिली कार
जानकारी के मुताबिक, मामला मंडी जिला अंतर्गत पद्धर उपमंडल के सालगी क्षेत्र का है। मृतक की पहचान 54 वर्षीय लोहरी राम पुत्र स्वर्गीय टेहंकु राम, निवासी गांव कण्डगवाल टिक्कर, तहसील पालमपुर, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। लोहरी राम 16 अप्रैल को मनाली से अपने घर पालमपुर के लिए रवाना हुआ था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि पुलिस चौकी कमांद को सूचना मिली थी कि सालगी मोड़ के पास एक कार (HP 01 D 6868) काफी समय से संदिग्ध अवस्था में खड़ी है। जब पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय मैकेनिक की मदद से कार के दरवाजे खोले, तो चालक की सीट पर एक व्यक्ति मृत अवस्था में पाया गया।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए क्षेत्रीय फोरेंसिक साइंस लैब (RFSL) की टीम को मौके पर बुलाया गया। शव में सड़न शुरू हो चुकी थी। शुरुआती जांच में शरीर पर किसी भी तरह के संघर्ष या बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नेरचौक मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। हालांकि परिजनों ने अभी तक किसी भी प्रकार का संदेह व्यक्त नहीं किया है। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →