Himachal: Mandi Student Murder Case : जांच में खुलासा, रास्ते से वाकिफ था आरोपी; हुड में छिपाकर लाया था दराट
बाबूशाही ब्यूरो
मंडी, 18 अप्रैल 2026 : हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के नैण क्षेत्र में हुए सिया हत्याकांड में पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हत्या के सही कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर पड़ताल कर रही है। इस घटना में किसी और शामिल होने का तथ्य फिलहाल सामने नहीं आया है।
वहीं परिजनों ने शुक्रवार को अस्थि विसर्जन के लिए हरिद्वार रवाना हुए। आरोपी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसने सिया को पहले भी गोपालपुर बस अड्डे में देखा था। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी वारदात वाले रास्ते से पूरी तरह वाकिफ था।
हुड में छिपाकर रखा था दराट
वह अपने साथ दराट लेकर आया था, जिसे उसने हुड में छिपाकर रखा था। वारदात को अंजाम देने के बाद भी उसने दराट को हुड में ही छिपाकर मौके से निकल गया, ताकि किसी को शक न हो। हत्या करने के बाद साथ लगते घर से महिला के चिल्लाने पर वह डर गया। मौके पर लोगों के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से भाग गया। पुलिस रिमांंड के दौरान पुलिस गहनता से आरोपी से पूछताछ कर रही है।
पढ़ाई से लेकर दिनचर्या और अन्य सभी चीजें आरोपी ने पुलिस को बताई है। आरोपी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह माता-पिता से भी कम ही बातचीत करता था।
अब तक 100 से अधिक लोगों से पूछताछ
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने भी हत्या आरोपी के अभिभावकों से पूछताछ की है। पुलिस अलग-अलग तरीके प्रश्न पूछकर हत्या के कारण जानने में जुटी हुई है। पुलिस के अलावा अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी क्षेत्र में सक्रिय हैं और तथ्य जुटा रही है। पुलिस अब तक इस मामले में 100 से अधिक लोगों से पूछताछ कर चुकी है। पुलिस को छात्रा के कब्जे से पुलिस को 70 रुपये मिले थे। इसमें 50 और 20 रुपये के नोट मिले थे। इससे पुलिस को लूट का इरादा नहीं लग रहा है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आठ बार तेज हथियार से हमले की पुष्टि
सूत्रों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट पुलिस को मिल गई है। इसमें गले में आठ बार तेज हथियार से हमला करने की पुष्टि हुई है। जबकि कलाई में भी तीन से चार बार वार किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस ने इस मामले में आरएफएसएल जांच के लिए भी सैंपल भेजे हैं। ताकि मिलान करके वैज्ञानिक साक्ष्यों को पुख्ता किया जा सके।
डीएनए पुष्टि के अलावा अन्य सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने बताया कि मामले में सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए जांच पड़ताल कर रही है। तकनीकी जांच पड़ताल भी जारी है। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →