Himachal: डिलीवरी हब में बड़ा घोटाला; कंपनी के 2,024 पार्सल गायब, 6.36 लाख की हेराफेरी का आरोप
बाबूशाही ब्यूरो
पालमपुर (कांगड़ा): 30 जुलाई 2026 : उपमंडल जयसिंहपुर के आलमपुर स्थित एक निजी कूरियर कंपनी के डिलीवरी हब से 2,024 पार्सल रहस्यमयी तरीके से गायब होने का मामला सामने आया है। गायब पार्सलों की अनुमानित कीमत 6,36,085 रुपए बताई जा रही है।
कंपनी के आंतरिक ऑडिट के दौरान स्टॉक मिलान में भारी गड़बड़ सामने आने के बाद इस मामले का खुलासा हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कंपनी प्रबंधन ने लंबागांव पुलिस थाना में इसकी शिकायत दर्ज करवाई है।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्कालीन हब इंचार्ज के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब हब में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संबंधित दस्तावेजों को कब्जे में लेकर पूरे मामले की गहन पड़ताल की जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, स्टॉक मिलान के दौरान 2,024 पार्सल रिकॉर्ड से गायब पाए गए। कंपनी का आरोप है कि स्टॉक की निगरानी और सुरक्षा की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारी की थी। हालांकि, वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
डीएसपी बैजनाथ संदीप शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर निष्पक्ष जांच की जा रही है। यदि जांच में कोई भी व्यक्ति दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →