Himachal: नदी में डूब रहे दोस्त की बचा ली जान, खुद मौत के मुंह में समा गया युवक; घर व गांव में पसरा मातम
बाबूशाही ब्यूरो
कुल्लू: 30 मई 2026 : दोस्ती की इससे बड़ी मिसाल और क्या होगी कि एक दोस्त ने अपने साथी को बचाने के लिए अपनी जान की बाजी लगा दी। जिला कुल्लू की लगवैली के खलाड़ानाला में शुक्रवार को एक ऐसा ही हृदयविदारक हादसा पेश आया, जिसने हर किसी की आंखें नम कर दी हैं।
यहां 25 वर्षीय एक युवक ने नदी में डूब रहे अपने दोस्त की जान तो बचा ली, लेकिन तेज बहाव की चपेट में आने से वह खुद मौत के मुंह में समा गया।
मृतक की पहचान निखिल कुमार (25) पुत्र कमल किशोर निवासी हवाई (शियाह), तहसील भुंतर व जिला कुल्लू के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार निखिल शुक्रवार को अपने कुछ दोस्तों के साथ शिरढ़ मेले से वापस लौट रहा था। रास्ते में तेज गर्मी से राहत पाने के लिए युवाओं की इस टोली ने खलाड़ानाला के पास लग घाटी कीनदी में नहाने का फैसला किया।
नहाते समय अचानक निखिल का एक साथी गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। दोस्त को मौत के मुंह में छटपटाता देख निखिल ने एक पल भी नहीं सोचा और अपनी जान की परवाह किए बिना नदी में छलांग लगा दी। निखिल ने अपनी पूरी ताकत झोंक कर दोस्त को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन इसी बीच नदी के तेज बहाव ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। पानी का वेग इतना ज्यादा था कि वह खुद को संभाल नहीं पाया और तेज धारा में बह गया।
इस खौफनाक मंजर को देखकर मौके पर चीख-पुकार मच गई। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →