Himachal: 2,420 युवाओं को मिलेगा कौशल प्रशिक्षण, एमओयू साइन; प्रधानमंत्री विकास योजना दिलाएगी स्वरोजगार
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला: 30 मई 2026 :
हिमाचल प्रदेश उद्यमिता विकास केंद्र को केंद्र सरकार के अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय द्वारा प्रधानमंत्री विकास (पीएम विकास) योजना के क्रियान्वयन के लिए प्रोजेक्ट इंप्लीमेंटिंग एजेंसी (पीआईए) के रूप में चुना गया है।
इस योजना के तहत हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों में कुल 2,420 युवाओं और महिलाओं को कौशल विकास एवं उद्यमिता से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इस संबंध में 29 मई को अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय की निदेशक नेहा गिरी तथा दीपिका खत्री के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए।
योजना के अंतर्गत 1,700 महिलाओं को महिला नेतृत्व एवं उद्यमिता घटक के तहत प्रशिक्षण दिया जाएगा, जबकि 720 अभ्यर्थियों को गैर-पारंपरिक (नॉन-ट्रेडिशनल) घटक के अंतर्गत शामिल किया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रतिभागियों के कौशल को विकसित करना और उन्हें स्वरोजगार तथा उद्यमिता के लिए तैयार करना है।
योजना के तहत लाभार्थियों को केवल प्रशिक्षण ही नहीं, बल्कि मोबिलाइजेशन, प्रमाणन और हैंडहोल्डिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
इन क्षेत्रों में ट्रेनिंग
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को माउंटेन क्यूज़ीन, फैशन डिजाइनिंग, ब्यूटी थेरेपी, नेतृत्व विकास तथा बिजनेस मेंटरिंग (उद्यमी मित्र) जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
रोजगार और उद्यमिता को मिलेगा बढ़ावा
उद्योग विभाग की संयुक्त निदेशक दीपिका खत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री विकास योजना के माध्यम से प्रदेश के युवाओं और महिलाओं को कौशल विकास एवं उद्यमिता प्रशिक्षण के नए अवसर प्राप्त होंगे। यह पहल रोजगार क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ स्वरोजगार और उद्यमिता को प्रोत्साहित करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →