Himachal Panchayat Election: 1189 पंचायतों में आज शनिवार को बनेगी गांव की सरकार, हिमाचल में तीसरे और अंतिम चरण के लिए होगी वोटिंग
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला: 30 मई 2026 : पंचायती राज संस्थाओं के तीसरे और अंतिम चरण के चुनाव के लिए प्रदेश भर में शनिवार को 1189 पंचायतों में वोट डाले जाएंगे। संवेदनशील व अतिसंवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त पुलिस तैनात की जाएगी। इसे लेकर निर्वाचन आयोग ने सभी इंतजाम करने को लेकर उपायुक्तों को पहले से निर्देश जारी किए हैं। दरअसल राज्य के कई बूथों में 28 मई को हुए चुनाव में लड़ाई-झगड़े की नौबत की सूचनाएं मिली हैं, ऐसे में आखिरी चरण के चुनाव को लेकर आयोग और भी अलर्ट हो गया है।
अंतिम चरण के चुनाव में हालांकि पंचायत स्तर पर प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्यों के नतीजे घोषित किए जाएंगे, जबकि जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव परिणाम 31 मई को ब्लॉक मुख्यालय में घोषित किए जाएंगे। चुनाव परिणाम के बाद हालांकि राज्य में शहरी निकाय और पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव का दौर संपन्न हो जाएगा।
3754 पंचायतों में चुनावी प्रक्रिया होगी संपन्न
प्रदेश में तीन चरणों में करवाए जा रहे पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव का शनिवार को आखिरी दिन है। इसके साथ ही राज्य की 3754 पंचायतों में चुनाव की प्रक्रिया भी संपन्न हो जाएगी। प्रदेश की 3754 ग्राम पंचायतों में 3754 नए प्रधान और इतने ही उपप्रधान के साथ-साथ 21,654 पंचायत सदस्य मिल जाएंगे। सभी पंचायतों को अपनी-अपनी नई सरकार मिलेगी, जो पंचायत और सभी वार्डों के विकास को आगे बढ़ाएगी।
कल आएंगे बीडीसी-जिला परिषद सदस्यों के नतीजे
हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं के लिए हो रहे चुनाव को लेकर वोटिंग का शनिवार आखिरी दिन है। प्रदेश में आज 1189 पंचायतों में वोटिंग होगी, जिसमें 1769 पंचायत समिति सदस्य और 251 जिला परिषद सदस्यों के लिए भी एक साथ मतदान किया जाएगा। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →