Himachal: मानसून से पहले सतर्क रहें शैक्षणिक संस्थान; बढ़ रही प्राकृतिक आपदाओं के चलते शिक्षा विभाग अलर्ट, जारी किए निर्देश
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला : 12 जून 2026 :
प्रदेश में बढ़ रही प्राकृतिक आपदाओं के चलते शिक्षा विभाग भी अब अलर्ट हो गया है। राज्य में संभावित मानसून को देखते हुए विभाग ने सभी स्कूलों को व्यापक दिशा-निर्देश समय रहते जारी किए हैं।
राज्य में आगामी समय में दक्षिण-पश्चिम मानसून-2026 के दौरान भारी बारिश, अचानक बाढ़, भू-स्खलन, बादल फटने, जलभराव और बिजली गिरने जैसी संभावित प्राकृतिक आपदाओं को देखते हुए सभी शैक्षणिक संस्थानों को सतर्क रहने के निर्देश जारी किए हैं। राज्य के सभी सरकारी डिग्री एवं संस्कृत कॉलेजों, जिला एवं सामुदायिक पुस्तकालयों सहित संबंधित संस्थानों के प्रमुखों को मानसून से निपटने के लिए पहले से सुरक्षा की दृष्टि के चलते व्यापक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा गया है।
संस्थानों में छात्रों, कर्मचारियों तथा भवनों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं। आदेशों में कहा गया है कि विद्यालयों और कालेजों की इमारतों, छात्रावासों, संपर्क मार्गों, विद्युत व्यवस्थाओं तथा पेयजल प्रणालियों का नियमित निरीक्षण किया जाए। किसी भी प्रकार की दुर्घटना या सुरक्षा संबंधी घटना की सूचना तुरंत विभाग और स्थानीय प्रशासन को दी जाए। इसके अलावा शौचालयों और पानी की टंकियों की नियमित सफाई, सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता, नालियों और जल निकासी व्यवस्था की सफाई तथा भवनों में रिसाव की मरम्मत मानसून शुरू होने से पहले पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने आपदा प्रबंधन से जुड़े 34 बिंदुओं पर विशेष ध्यान देने को कहा है। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →