Himachal Pradesh: ऊना में कटान कर रहे लोगों ने वन विभाग की टीम पर की फायरिंग, टीम को देखकर गाड़ी छोड़ भागे वनकाटु
बाबूशाही ब्यूरो
ऊना : 11 जून 2026 : पंजाब के होशियारपुर जिले के चौहाल क्षेत्र में खैर के पेड़ों की अवैध कटाई को लेकर बुधवार तड़के बड़ा घटनाक्रम सामने आया। पंजाब वन विभाग ने आरोप लगाया है कि जंगल में खैर के पेड़ों का कटान कर रहे कुछ लोग वन विभाग की टीम को देखकर लकड़ी से भरी एक गाड़ी छोड़कर फरार हो गए।
इतना ही नहीं, भागते समय वन कर्मियों पर फायरिंग भी की। हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ और वन विभाग की टीम बाल-बाल बच गई। उधर, गगरेट उपमंडल के संघनई गांव के एक व्यक्ति ने पंजाब वन विभाग के कुछ कर्मियों पर उसे जबरन उठाकर ले जाने और मारपीट करने का आरोप लगाते हुए गगरेट पुलिस थाना में शिकायत पत्र सौंपा है।
पंजाब वन विभाग के होशियारपुर में तैनात वन खंड अधिकारी अवतार सिंह के अनुसार विभाग की टीम बुधवार तड़के नियमित गश्त पर थी।
इसी दौरान चौहाल के समीप जंगल क्षेत्र में अवैध खैर कटान की सूचना मिलने पर टीम ने मौके पर दबिश दी। उन्होंने बताया कि वन विभाग की टीम को देखते ही कथित खैर तस्कर खैर की लकड़ी से लदी गाड़ी को वहीं छोड़कर फरार हो गए।
आरोप है कि फरार होते समय आरोपियों ने वन कर्मियों पर गोली भी चलाई। अवतार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है और पूरा मामला अब होशियारपुर पुलिस के विचाराधीन है। पुलिस स्तर पर मामले की जांच की जा रही है।
वहीं, गगरेट उपमंडल के संघनई गांव निवासी फतेह सिंह ने पंजाब वन विभाग के कुछ कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →