Himachal Weather Update: प्रदेश में 6 दिनों तक आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला : 11 जून 2026 : प्रदेश में जून के महीने ने मैदानी और पहाड़ी क्षेत्रों को तपा कर रख दिया है। राज्य के निचले व मैदानी इलाकों में बुधवार को सूर्य देव के तीखे तेवरों से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित रहा।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार बुधवार को प्रदेश का अधिकतम औसत तापमान सामान्य से 2.8 डिग्री सैल्सियस अधिक दर्ज किया गया। हालांकि 11 जून से सक्रिय होने वाला पश्चिमी विक्षोभ राज्य में दस्तक दे रहा है, जिससे छह दिनों तक मौसम करवट लेगा। बुधवार को 43.2 डिग्री सैल्सियस तापमान के साथ ऊना प्रदेश का सबसे गर्म क्षेत्र रहा।
हिल स्टेशनों में भी सामान्य से अधिक तापमान होने के कारण सैलानियों और स्थानीय लोगों को तीखी गर्मी का अहसास हुआ। शिमला में 28.3 और मनाली में 28 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा। दिन के साथ-साथ रात के पारे में भी बढ़ौतरी देखी गई है। सिरमौर जिले का पांवटा साहिब 29 न्यूनतम तापमान के साथ सबसे गर्म रात वाला स्थान रहा, जबकि शिमला का न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.9 डिग्री अधिक दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार 11 से 16 जून तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक के साथ आंधी चलने, बारिश होने और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की प्रबल संभावना है। इसके लिए विभाग ने यैलो और ऑरैंज अलर्ट भी जारी किया है। 11 और 12 जून को ऑरैंज व यैलो अलर्ट रहेगा। मैदानी और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने, आकाशीय बिजली कड़कने और कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना जताई गई है। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →