Himachal: मंडी के 99 फीसदी स्कूल असुरक्षित; सोशल ऑडिट में चौंकाने वाले खुलासे, HPU की टीम ने किया सर्वेे
बाबूशाही ब्यूरो
मंडी : 11 जून 2026 : हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला के सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों की सुरक्षा और कल्याण को लेकर एक बेहद चिंताजनक रिपोर्ट सामने आई है। जिला के स्कूलों में किए गए सामाजिक अंकेक्षण (सोशल ऑडिट) में आपदा प्रबंधन, बुनियादी ढांचे की सुरक्षा और समावेशी शिक्षा को लेकर गंभीर कमियां पाई गई हैं।
हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी द्वारा किए गए एक व्यापक सोशल ऑडिट सर्वे में खुलासा हुआ है कि जि़ला का कोई भी स्कूल भवन ‘हर मौसम के अनुकूल’ (ऑल-वेदर) तय मानकों को पूरा नहीं करता है।
इसके अलावा, जि़ला के 99 प्रतिशत स्कूलों में बच्चों के मार्गदर्शन के लिए ‘चाइल्ड काउंसलर’ तक मौजूद नहीं हैं। यह पब्लिक हियरिंग ‘सर्व शिक्षा अभियान’ के तहत सोशल ऑडिटिंग का हिस्सा थी, जिसमें स्थानीय ग्रामीणों, शिक्षकों, अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन समितियों सहित लगभग 1700 लोगों ने हिस्सा लिया और सीधे सवाल-जबाव किए। सर्वेक्षण से जुड़े अधिकारियों ने कहा कि इस सोशल ऑडिट का उद्देश्य कमियों को छिपाना नहीं, बल्कि उन क्षेत्रों की पहचान करना है, जहां तुरंत सुधार की जरूरत है।
497 स्कूलों में 175 सवालों से खंगाली हकीकत
सोशल ऑडिट रिपोर्ट के प्रमुख और हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी के डा. रणधीर रांटा ने बताया, कि मंडी के कुल 2340 स्कूलों में से 497 स्कूलों (लगभग 20 फीसदी) का दौरा किया। 175 से अधिक सवालों के ज़रिए छह अलग-अलग पहलुओं की जांच कर यह विस्तृत रिपोर्ट तैयार की गई है। बाकी बचे स्कूलों का सर्वे आने वाले महीनों में पूरा किया जाएगा। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →