Himachal Heavy Rain: हिमाचल में भूस्खलन से चार की माैत, धर्मपुर बस स्टैंड डूबा; 653 सड़कें बंद
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला/मंडी, 16 सितंबर 2025 :
हिमाचल प्रदेश में बारिश ने फिर कहर बरपाया है। बीती रात हुई भारी बारिश से राजधानी शिमला, मंडी व अन्य भागों में तबाही हुई है। शिमला में 141.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई जोकि बहुत ज्यादा है।
जगह-जगह भूस्खलन से राज्य में सैकड़ों सड़कें, बिजली ट्रांसफार्मर बंद हैं। मंडी जिले में भूस्खलन से चार लोगों की माैत हो गई। दो लापता हैं। मंगलवार सुबह 10:00 बजे तक राज्य में तीन नेशनल हाईवे सहित 653 सड़कें बंद रहीं। 1205 बिजली ट्रांसफार्मर व 160 जल आपूर्ति स्कीमें भी बाधित हैं। मंडी जिले में 313, कुल्लू 153, शिमला 58 व चंबा में 26 सड़कें बंद हैं। बीती रात नगरोटा सूरियां 135.2, भटियात 80.0, सुंदरनगर 60.5, सलापड़ 57.9, ब्राह्मणी 54.4, गुलेर 54.2, मंडी 52.6, कांगड़ा 50.5, मैहरे बड़सर 50.0, नयना देवी 46.8, मुरारी देवी 42.0, बरठीं 37.4 व करसोग में 34.2 मिलीमीटर बारिश हुई।
ब्रगटा गांव में भूस्खलन से तीन लोगों की माैत
मंडी जिले के सुंदरनगर उपमंडल के तहत आने वाली निहरी तहसील के ब्रगटा गांव में बीती रात को भूस्खलन की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि दो लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। जानकारी के अनुसार यहां भूस्खलन होने से पूरा घर जमींदोज हो गया। हादसे के समय घर में पांच लोग मौजूद थे। मृतकों में दो महिलाएं और एक आठ महीने का बच्चा शामिल है। इसके अलावा दो लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है।
मृतकों की पहचान तांगू देवी(33) पत्नी जय सिंह, कमला देवी(33) पत्नी देव राज और भीष्म सिंह(8 महीने) पुत्र देव राज के रूप में हुई है। सुरक्षित बचाए गए लोगों में खूब राम(65) पुत्र धनी राम और दर्शन देवी(58) पत्नी खूब राम शामिल हैं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर उन्हें पोस्टमाार्टम के लिए भेज दिया है। एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने हादसे की पुष्टि की है।
शिमला में बारिश से तबाही, जगह-जगह भूस्खलन
प्रदेश की राजधानी शिमला में भी बारिश ने जमकर तबाही मचाई है। शहर में जगह-जगह भूस्खलन हुआ है। हिमलैंड में भारी भूस्खलन होने से मंगलवार सुबह वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। यहां चार गाड़ियां मलबे में दब गईं। बीसीएस में भी सड़क पर भूस्खलन हुआ है और पेड़ भी गिर गया।
नाै गाड़ियां मलबे में दबीं
सुबह के समय शिमला शहर के सर्कुलर रोड पर बसों सहित अन्य वाहनों की आवाजाही ठप रही। लोग पैदल अपने गंतव्य तक पहुंचे। विद्यार्थी स्कूल नहीं पहुंच सके। करीब 10:00 बजे आवाजाही शुरू हो पाई। पांजड़ी में भी दो गाड़ियां मलबे में दब गईं। टुटीकंडी के बंगाली बगीचे में भी भूस्खलन हुआ है। यहां मकानों को भी खतरा पैदा हो गया है।
इतने दिन बरसेंगे बादल
शहर के कृष्णानगर वार्ड में लालपानी बाईपास सड़क पर भी भूस्खलन हुआ है। विकासनगर में भी भूस्खलन होने की सूचना है। माैसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से राज्य के कुछ भागों में 22 सितंबर तक बारिश का दाैर जारी रहने का पूर्वानुमान जताया गया है। आज कई भागों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। (SBP)
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →