Himachal Pradesh: सेब मंडियों तक पहुंचाना होगा आसान, रामपुर में सीएम सुक्खू ने सड़क के लिए 36 करोड़
Babushahi Bureau
शिमला : 02 अक्टूबर 2026 : हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने रामपुर में आयोजित जनसभा के दौरान ग्रामीण सड़क को ₹36 करोड़ देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर फोकस कर रही है।
शिमला, 2 अक्तूबर 2026 : मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। सरकार का प्रयास है कि गांवों में रहने वाले किसानों, बागवानों और पशुपालकों की आय बढ़े और ग्रामीण क्षेत्रों में ही आर्थिक गतिविधियों को गति मिले।
रामपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार बनने के बाद प्रदेश में सभी क्षेत्रों का समान और संतुलित विकास सुनिश्चित किया जा रहा है। इसी कड़ी में सरकार ने टिक्कर-जरोल-गाहन सड़क के निर्माण के लिए 36 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। सड़क बनने से क्षेत्र के सेब बागवानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सड़क निर्माण में गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं करने के निर्देश दिए।
सेब का खरीद मूल्य 12 से बढ़कर 13 रुपये
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों और बागवानों की आय बढ़ाने के लिए सरकार लगातार कदम उठा रही है। मंडी मध्यस्थता योजना के तहत सेब के खरीद मूल्य में एक रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की गई है। अब सेब 12 रुपये के बजाय 13 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से खरीदा जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश के सेब बागवानों को सीधे लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि सरकार बनने के समय दूध का खरीद मूल्य 32 रुपये प्रति लीटर था, जिसे अब लगभग दोगुना किया गया है। इससे पशुपालकों और किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिली है।
किशाऊ परियोजना से हिमाचल को बड़े राजस्व की उम्मीद
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने हाल ही में किशाऊ बांध परियोजना में हिमाचल प्रदेश के हितों को सुनिश्चित किया है। परियोजना के निर्माण के बाद हिमाचल को प्रतिवर्ष लगभग 1,200 से 1,500 करोड़ रुपये का लाभ मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के राजस्व में वृद्धि होने से बेहतर स्कूल, स्वास्थ्य संस्थान और अन्य जरूरी सुविधाओं के विकास को गति मिलेगी।
गांवों में जाकर सुनेगी सरकार समस्याएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह रामपुर विधानसभा क्षेत्र के पाट गांव में आयोजित ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। यहां वह ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुनेंगे। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों से मिलने वाले सुझावों और सामने आने वाली समस्याओं के आधार पर आवश्यक योजनाओं को बजट में शामिल किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में किए गए विभिन्न उद्घाटनों और शिलान्यासों के लिए क्षेत्रवासियों को बधाई दी।
इससे पहले रामपुर पहुंचने पर मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर स्थानीय विधायक नंदलाल, मिल्कफेड के चेयरमैन बुद्धि सिंह ठाकुर, हिमकोन के चेयरमैन विकेश चौहान, हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर, पूर्व विधायक किशोरीलाल, उपायुक्त अनुभव कश्यप, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →