Himachal Weather: भारी बारिश-भूस्खलन से चार पुल बहे, स्कूल भवन ध्वस्त; हाईवे समेत 109 सड़कें अवरुद्ध
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला/कुल्लू : 04 अगस्त 2026 : भारी बारिश और भूस्खलन ने कई क्षेत्रों में दुश्वारियां बढ़ा दी हैं। कुल्लू जिले के बंजार की तीर्थन नदी का जलस्तर बढ़ने से एक पुल और दो पुलिया बह गईं।
हिमाचल में रविवार रात और सोमवार को हुई भारी बारिश और भूस्खलन ने कई क्षेत्रों में दुश्वारियां बढ़ा दी हैं। कुल्लू जिले के बंजार की तीर्थन नदी का जलस्तर बढ़ने से एक पुल और दो पुलिया बह गईं। इससे मशियार पंचायत के छह से अधिक गांवों की आबादी को अब नदी पार करने के लिए रज्जू मार्ग ही एकमात्र विकल्प रह गया है।
वहीं, सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में पुराना बातापुल ढह गया है। भूस्खलन के कारण आनी-कुल्लू नेशनल हाईवे-305 अवरुद्ध रहा। निरमंड खंड की बाड़ी पंचायत में बारिश के कारण प्राथमिक स्कूल पांकवा के भवन का एक हिस्सा भूस्खलन की चपेट में आकर ढह गया। अन्य हिस्से में मलबा घुस गया।
ठियोग में पहाड़ी से मलबा-चट्टानें गिरीं
स्कूल को सामुदायिक भवन में शिफ्ट करना पड़ा है। यहां 500 से अधिक सेब के पेड़ नष्ट हो गए, जिससे लाखों का नुकसान हुआ है। शिमला के ठियोग में पहाड़ी से मलबा-चट्टानें गिरने से सड़क किनारे पार्क एक कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। रामपुर की गानवी और समेज खड्डें फिर उफान पर हैं। 1500 मेगावाट की नाथपा झाकड़ी परियोजना के बांध के गेट खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →