Himachal Monsoon Update: 36 सड़कें, 43 पेयजल योजनाएं बंद; प्रदेश में बारिश से थमे गाड़ियों के पहिए, जगह-जगह पहाड़ दरकने से बढ़ी दिक्कतें, आज पांच जिलों में Red Alert
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला/कुल्लू : 21 जुलाई 2026 : राज्य में सोमवार से जारी बारिश के कारण 36 सड़कें बंद पड़ी हुई हैं, जबकि चंबा जिला के दो उपमंडलों की 43 पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हो गई हैं। इसके अलावा बंजार उपमंडल में चार और स्पीति में एक ट्रांसफार्मर ठप पड़ा हुआ है।
स्टेट एमरजेंसी आपरेशन सेंटर की ओर से सोमवार को पांच बजे तक रिपोर्ट में यह जानकारी साझा की है। मंगलवार को राज्य के पांच जिलों में रेड अलर्ट रहेगा।
स्टेट एमरजेंसी आपरेशन सेंटर की रिपोर्ट के मुताबिक सोमवार सुबह राज्य भर में कुल 49 सड़कों पर वाहनों की आवाजाही बारिश के कारण हुए भू-स्खलन और अन्य कारणों के चलते प्रभावित हुई थी।
बहाली कार्य करते हुए संबंधित विभाग ने शाम पांच बजे तक 13 सड़कों को यातायात के लिए बहाल कर दिया है, जबकि शेष 36 सडक़ों को खोलने का काम चला हुआ है। जिला चंबा में दस, कांगड़ा चार, कुल्लू में सात, लाहुल-स्पीति एक, मंडी 11, शिमला चार और ऊना जिला में दो सड़कें बंद हैं।
बंजार-लाहुल में ट्रांसफार्मर ठप
बंजार उपमंडल में चार और स्पीति में एक ट्रांसफार्मर बंद पड़ा हुआ है। हालांकि सुबह के वक्त बंद पड़े ट्रांसफार्मर का आंकड़ा राज्य भर में 60 था, लेकिन बिजली बोर्ड ने मुस्तैदी दिखाते हुए अधिकांश बंद पड़े ट्रांसफार्मर को ठीक कर बिजली आपूर्ति को बहाल कर दिया है। प्रदेश के चंबा जिला में बारिश के कारण पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई है। इनमें दुर्गम क्षेत्र तीसा में 40 और भटियात उपमंडल की तीन पानी की स्कीमों पर बारिश का असर पड़ा है और यहां पर आपूर्ति प्रभावित हुई है। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →