Manimahesh Yatra : शिव चेलों ने तोड़ी डल; राधाष्टमी के शाही स्नान पर उमड़ा आस्था का सैलाब, जयकारों से गूंजा महौल
बाबूशाही ब्यूरो
भरमौर (चंबा): 19 सितंबर 2026 : मणिमहेश के राधाष्टमी के शाही स्नान का दौर शुक्रवार को शिव चेलों द्वारा डल तोड़ने की परंपरा का निर्वाहन करने के साथ ही आरंभ हो गया है। इस बार शाही स्नान की अवधि 26 घंटे 27 मिनट रहेगी। राधाष्टमी के शाही स्नान का दौर शनिवार दोपहर बाद तीन बजकर 28 मिनट तक जारी रहेगा।
इस अवधि के दौरान पवित्र डल में आस्था की डुबकी लगाने के लिए श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार जारी है। समाचार लिखे जाने तक शुक्रवार शाम तक करीब दस हजार श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगाकर वापसी की राह पकड़ चुके हैं।
शुक्रवार दोपहर स्थानीय परंपरा के अनुसार कार्तिक स्वामी से अनुमति लेने के उपरांत शिव चेलों द्वारा डल तोड़ने की रस्म निभाई गई। शुक्रवार दोपहर बाद एक बजकर दो मिनट पर शिव चेलों ने पवित्र डल को तोड़ने की परंपरा निभाई।
इसके पश्चात शुभ मुहूर्त में राधाष्टमी का पवित्र शाही स्नान आरंभ हुआ। शिव चेलों के डल में उतरते ही मौजूद श्रद्धालुओं ने शिव के जयकारे लगाकर माहौल को शिवभक्ति रस में डुबो दिया। इस बार राधाष्टमी के शाही स्नान को पड़ोसी राज्य जम्मू-कश्मीर के डोडा व किश्तवाड से काफी तादाद में श्रद्धालु मणिमहेश पहुंचे हैं।
उधर, एडीएम भरमौर विकास शर्मा ने बताया कि राधाष्टमी स्नान के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम आवागमन के लिए उपमंडल प्रशासन की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →