PM मोदी के पंजाब दौरे से पहले सुरक्षा कड़ी, आधी रात को सड़कों पर उतरे अधिकारी
चंडीगढ़, 17 जुलाई, 2026ः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शुक्रवार को प्रस्तावित पंजाब दौरे को देखते हुए राज्यभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसी के तहत गुरुवार देर रात पटियाला रेंज के चार जिलों-पटियाला, संगरूर, बरनाला और मालेरकोटला में व्यापक ‘नाइट डोमिनेशन’ अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व बरनाला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सरफराज आलम ने किया।
एसएसपी सरफराज आलम ने बताया कि पंजाब के डीजीपी गौरव यादव के निर्देश पर पूरे राज्य में रात के समय विशेष चेकिंग और नाकेबंदी अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य अपराधियों पर शिकंजा कसना, संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई करना और आम लोगों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है।
पटियाला रेंज के चारों जिलों में करीब 600 पुलिसकर्मी तैनात किए गए। पटियाला में 12 स्थानों पर नाकेबंदी की गई और 25 पेट्रोलिंग पार्टियां सक्रिय रहीं। इसी तरह, संगरूर में 16, बरनाला में 11 और मालेरकोटला में 8 स्थानों पर विशेष नाकेबंदी की गई। पुलिस टीमों ने होटलों, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सघन तलाशी अभियान भी चलाया।
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →