President Of India On Himachal Visit : राष्ट्रपति के दौरे को लेकर चप्पे-चप्पे पर होगा पहरा; 30 अप्रैल को आएंगी शिमला, छह सेक्टर में बांटा जाएगा शिमला शहर
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला, 20 अप्रैल 2026 :
भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के शिमला दौरे को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दौरे को लेकर राजधानी शिमला के चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा रहेगा। राष्ट्रपति के दौरे के लिए शिमला में 1500 के करीब पुलिस जवान तैनात किए जाएंगे।
इसके अलावा राष्ट्रपति के दौरे के लिए शिमला शहर को छह अलग-अलग सेक्टरों में बांटा जाएगा। वीआईपी मूवमेंट के दौरान आम जनता को दिक्कत न आए इसके लिए शिमला पुलिस ट्रैफिक प्लान तैयार कर रही है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 30 अप्रैल को आरट्रैक के कार्यक्रम में जाएंगी। 27 अप्रैल से उसे मई तक वह शिमला में रह सकती हैं। राष्ट्रपति भवन दिल्ली से टेंटेटिव प्रोग्राम आ गया है और इसी अनुसार राज्य सरकार तैयारी में जुट गई है।
डीआईजी अंजुम आरा ने पुलिस अधिकारियों के साथ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दौरे को लेकर तैयारी का जायजा लिया। वहीं, जिला प्रशासन ने इसमें संबंधित विभागों को तैयारियों को लेकर दिशा-निर्देश दिए हैं। राष्ट्रपति शिमला दौरे के दौरान मशोबरा स्थित राष्ट्रपति भवन द रिट्रीट में रुकेंगी।
देश के राष्ट्रपति का हर वर्ष ग्रीष्मकाल में शिमला दौरा केवल औपचारिक यात्रा नहीं, बल्कि एक ऐतिहासिक परंपरा का निर्वहन भी है। इस परंपरा की जड़ें ब्रिटिश काल से जुड़ी हैं, जब शिमला को भारत की ग्रीष्मकालीन राजधानी बनाया गया था और गर्मियों में पूरा प्रशासन यहां स्थानांतरित हो जाता था। आज भी इस विरासत को आंशिक रूप से जारी रखते हुए यह परंपरा कायम है। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →