Weather Alert ; चंडीगढ़-पंजाब में मौसम का 'U-Turn':17 को बारिश का अलर्ट
चंडीगढ़/जालंधर, 14 फरवरी 2026 : पंजाब और चंडीगढ़ के निवासियों के लिए मौसम विभाग ने ताजा अपडेट जारी किया है। पिछले कुछ दिनों से निकल रही तेज धूप और बढ़ते तापमान पर अब ब्रेक लगने वाली है। पहाड़ों की चोटियों पर हो रही बर्फबारी के चलते वहां से आने वाली बर्फीली हवाएं अब मैदानी इलाकों में दस्तक देंगी, जिससे दिन के पारे में गिरावट दर्ज की जा सकती है।
दो नए 'पश्चिमी विक्षोभ' बदलेंगे मिजाज
मौसम केंद्र चंडीगढ़ के निदेशक सुरेंद्र पाल सिंह के अनुसार, इस समय उत्तर भारत में दो पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbances) सक्रिय हो रहे हैं। पहला विक्षोभ पहाड़ों पर पहुंच चुका है, जबकि दूसरा 16 फरवरी की रात से मैदानी इलाकों में अपना प्रभाव दिखाना शुरू करेगा। इसके असर से 17 फरवरी को पंजाब के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और बिजली गिरने की प्रबल संभावना है।
तापमान का हाल
पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 0.6 डिग्री की मामूली वृद्धि देखी गई, जो अब भी सामान्य से 3.8 डिग्री अधिक बना हुआ है। फिरोजपुर में पारा 26.6 डिग्री तक जा पहुंचा है। हालांकि, आने वाले 48 घंटों तक न्यूनतम तापमान स्थिर रहेगा, लेकिन उसके बाद इसमें 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है।
हाईवे पर बादलों का डेरा
मौसम विभाग ने यह भी संकेत दिए हैं कि 14 और 15 फरवरी को अमृतसर-अंबाला और अंबाला-दिल्ली नेशनल हाईवे पर आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। राहत की बात यह है कि फिलहाल धुंध (Fog) को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। 17 फरवरी की बारिश के बाद मौसम एक बार फिर साफ होने की उम्मीद है।
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →