जगबीर गैंग से जुड़ा शार्प शूटर दीपक मोर गिरफ्तार, अवैध पिस्तौल बरामद
रमेश गोयत
चंडीगढ़, 22 मई 2025
चंडीगढ़ पुलिस की ऑपरेशन सेल को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। मलोया की ईडब्ल्यूएस कॉलोनी निवासी दीपक मोर पुत्र शमशेर सिंह को अवैध हथियार रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से एक देसी पिस्तौल बरामद की गई है। वह कुख्यात जगबीर गैंग का सक्रिय सदस्य और हथियार आपूर्तिकर्ता बताया जा रहा है।
यह कार्रवाई एसपी ऑपरेशन सुश्री गीतांजलि खंडेलवाल के निर्देश, डीएसपी विकास श्योकंद के मार्गदर्शन और इंस्पेक्टर रंजीत सिंह की निगरानी में की गई। 19 मई को मिली गुप्त सूचना पर सेक्टर-19 स्थित सरकारी स्कूल के पास से दीपक को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, दीपक मोर हरियाणा और यूपी के कई थानों में वांछित है। उसके खिलाफ हत्या, आर्म्स एक्ट और स्नैचिंग जैसे संगीन अपराधों में कई एफआईआर दर्ज हैं। जांच में खुलासा हुआ है कि वह हरियाणा स्थित जगबीर गैंग से जुड़ा है, जो संजय गैंग के साथ लंबे समय से आपसी दुश्मनी और गैंगवार में लिप्त है। इन दोनों गिरोहों के बीच अब तक करीब 10 हत्याएं हो चुकी हैं।
दीपक मोर वर्तमान में चंडीगढ़, मोहाली और आसपास के क्षेत्रों में अवैध शराब की आपूर्ति में संलिप्त था। कुछ दिनों पहले झामपुर क्षेत्र में हुए गैंगवार में उस पर प्रतिद्वंद्वी गिरोह द्वारा गोलीबारी की गई थी, जिसके बाद बदला लेने के उद्देश्य से उसने अवैध पिस्तौल खरीदी थी।
ऑपरेशन सेल के मुताबिक, उसकी गिरफ्तारी से एक बड़ी हिंसक वारदात टल गई है। पुलिस ने सेक्टर-19 थाना में एफआईआर नंबर 33 दिनांक 19-05-2025 को आर्म्स एक्ट की धाराओं 25-54-59 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक मोर उम्र: 28 वर्ष, शैक्षणिक योग्यता: स्नातक, पेशा: अवैध शराब आपूर्तिकर्ता स्थायी पता: गांव गोशाई खेड़ा, तहसील जुलाना, जिला जींद, हरियाणा के रूप में हुई।
-
पिछला आपराधिक रिकॉर्ड:
-
एफआईआर नं. 35/2018 - चोरी, थाना सिविल लाइन, सोनीपत
-
एफआईआर नं. 162/2019 - आर्म्स एक्ट, थाना गुन्नौर
-
एफआईआर नं. 26/2023 - हत्या, साक्ष्य नष्ट करना, थाना गोहाना सिटी
-
एफआईआर नं. 110/2024 - आर्म्स एक्ट, थाना खतौली, मुजफ्फरनगर
आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। आगे की जांच जारी है। पुलिस अन्य गिरोहों और सहयोगियों की तलाश में जुटी हुई है।
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →