थानेसर नगर परिषद की बैठक में हंगामा: विधायक अशोक अरोड़ा और बीजेपी नेता नरेंद्र शर्मा के बीच हाथापाई, बैठक स्थगित
बाबूशाही ब्यूरो
कुरुक्षेत्र, 23 मई: थानेसर नगर परिषद की बैठक शुक्रवार दोपहर को भारी हंगामे और विवाद की भेंट चढ़ गई। बैठक के दौरान कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा और बीजेपी नेता व पूर्व पार्षद नरेंद्र शर्मा के बीच तीखी बहस हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा और बैठक को स्थगित करना पड़ा।
बैठक दोपहर 3 बजे नगर परिषद कार्यालय में शुरू हुई थी। शुरुआत में ही पार्षदों और प्रतिनिधियों के बीच बैठने को लेकर बहस छिड़ गई। विवाद उस समय और बढ़ गया जब विधायक अरोड़ा ने नरेंद्र शर्मा की बैठक में मौजूदगी का विरोध किया। अरोड़ा का कहना था कि नियमों के तहत बैठक में केवल निर्वाचित पार्षद ही शामिल हो सकते हैं, जबकि शर्मा पार्षद के प्रतिनिधि के रूप में उपस्थित थे।
इस पर नरेंद्र शर्मा ने कड़ा ऐतराज जताया और कहा कि पहले भी प्रतिनिधि बैठक में शामिल होते रहे हैं। बहस ने उग्र रूप ले लिया और दोनों नेता कुर्सियों से उठकर आमने-सामने आ गए। स्थिति इतनी बिगड़ी कि विधायक के गनमैन को बीच में आना पड़ा। मौके पर मौजूद अन्य पार्षदों ने दोनों को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन तब तक माहौल तनावपूर्ण हो चुका था।
बीजेपी पार्षदों ने अरोड़ा के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। बता दें कि नरेंद्र शर्मा पहले अरोड़ा के करीबी माने जाते थे लेकिन हाल ही में उन्होंने कांग्रेस छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया था।
हंगामा इस हद तक बढ़ गया कि नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी को बैठक स्थगित करने का निर्णय लेना पड़ा। हालांकि ईओ राजेश कुमार ने विधायक के गनमैन द्वारा हथियार निकालने की बात से इनकार किया है। बैठक के दौरान पार्षद प्रतिनिधि सतीश मदान टोनी और उनके बेटे द्वारा अरोड़ा से कथित बदसलूकी की बात भी सामने आई है।
विवाद के चलते नगर परिषद की बैठक बिना किसी निष्कर्ष के स्थगित कर दी गई। इस घटना ने थानेसर की स्थानीय राजनीति में नई खलबली मचा दी है और नगर परिषद की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →