Himachal : Kullu Landslide : कुल्लू में फिर भूस्खलन की चपेट में आए दो मकान, एक की मौत और तीन को बचाया; कई लोगों के दबने की आशंका
बाबूशाही ब्यूरो
कुल्लू, 04 सितंबर 2025 :
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में लगातार हो रही बारिश अब जानलेवा साबित हो रही है। तीन दिन के अंदर जिला मुख्यालय में भूस्खलन की चौथी घटना सामने आई है। वीरवार सुबह भूस्खलन की चपेट में दो मकान और आ गए। इसमें एक की मौत हो गई है, जबकि तीन लोगों को बचा लिया गया है। अभी कई लोग मलबे में दबे हैं।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे कुल्लू में भूस्खलन हुआ। मलबे के साथ भारी चट्टाने आ गिरी हैं। इसकी चपेट में आने से इनर अखाड़ा बाजार में दो घरों में नुकसान हुआ है। मौके पर एनडीआरएफ ने रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया है।
अभी तक दो महिलाओं समेत तीन लोगों को बचाया गया है। सभी को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। जबकि एक मृतक को भी क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू लाया है।
इसके अलावा एक महिला और पांच कश्मीरी मजदूर अभी भी घर के अंदर मलबे के नीचे फंसे हुए हैं। एडीसी कुल्लू अश्विनी कुमार और एसडीएम निशांत कुमार मौके पर मौजूद हैं।
आज चार, कल पांच जिलों में बारिश का येलो अलर्ट
प्रदेश के चार जिलों कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और सिरमौर के कुछ क्षेत्रों में वीरवार को बारिश का येलो अलर्ट जारी हुआ है। अन्य जिलों में भी बारिश के आसार हैं। शुक्रवार को पांच जिलों कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर में बारिश का येलो अलर्ट जारी हुआ है। छह सितंबर से भारी बारिश से कुछ राहत मिलने के आसार हैं। नौ सितंबर तक प्रदेश में मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है। (SBP)
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →