Women's World Cup 2025 : Himachal Pradesh: रेणुका की मां की मंदिरों में मांगी मन्नत पूरी, टीम की जीत पर झूमा पूरा हिमाचल
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला, 03 नवंबर 2025 :
महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप में भारत की जीत के साथ भारतीय तेज गेंदबाज रेणुका सिंह की मां की मंदिरों में मांगी मन्नत पूरी हो गई। देर रात तक खेले गए फाइनल में भारत ने दक्षिण अफ्रीका पर 52 रनों की शानदार जीत दर्ज की।
रेणुका का परिवार देर रात तक मैच देखता रहा। दक्षिण अफ्रीका के अंतिम खिलाड़ी के आउट होते ही पूरा परिवार खुशी से झूम उठा। भारतीय टीम की जीत के लिए रेणुका की माता सुनीता ठाकुर ने रविवार को सबसे पहले महासू देवता के मंदिर में माथा टेका। इसके बाद उन्होंने जागा माता, नरसिंह देवता तथा दुर्गा माता के मंदिरों में जाकर भारतीय टीम की जीत की दुआ मांगी। भारत की जीत के साथ उनकी मन्नत पूरी हो गई है।
रेणुका को विश्व कप फाइनल में खेलते देखने की उत्सुकता में सुनीता ने अपने सभी परिवारजनों को घर पर एक साथ मैच देखने के लिए आमंत्रित किया। मैच शुरू होने से पहले रेणुका ने मां को फोन कर मैच की तैयारियों के बारे में बताया और जीत के लिए आशीर्वाद लिया। सुनीता ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की सलाह दी।
सबसे किफायती गेंदबाजी की
भारत और दक्षिण अफ्रीका के फाइनल मैच में तेज गेंदबाज रेणुका सिंह ठाकुर ने सबसे किफायती गेंदबाजी की। उन्होंने मैच में आठ ओवरों की गेंदबाजी की। हालांकि, उन्हें कोई विकेट नहीं मिला फिर भी उन्होंने बेहद कंजूसी भरी गेंदबाजी की।
उन्होंने 3.50 की इकोनॉमी के साथ महज 28 रन खर्च किए। उनकी कसी हुई गेंदबाजी के कारण दक्षिण अफ्रीका की टीम को रन बनाने में परेशानी हुई।
हरलीन का भी यादगार प्रदर्शन, 169 रन बनाए
भारतीय महिलाओं की ऐतिहासिक जीत में हिमाचल से रेणुका ठाकुर के अलावा हरलीन देओल का प्रदर्शन भी खासा यादगार रहा। हालांकि, हरलीन सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबला नहीं खेल सकीं। उन्होंने प्रतियोगिता में कुल छह मुकाबले खेले और बल्ले से 169 रन बनाए। श्रीलंका के खिलाफ 48 और पाकिस्तान के विरुद्ध उन्होंने 46 रन की महत्वपूर्ण पारियां खेलीं। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी लीग मुकाबले में हरलीन के बल्ले से 38 रन की पारी निकली। इंग्लैंड के खिलाफ भी 24 रन बनाए। हरलीन देओल हिमाचल प्रदेश की क्रिकेट टीम की नियमित सदस्य हैं और लंबे समय से भारत के लिए भी खेल रही हैं।
हिमाचल की बेटी रेणुका की मौजूदगी में जीत खास : सुक्खू
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रच दिया है। यह सिर्फ जीत नहीं, बल्कि हर उस सपने की जीत है जो किसी लड़की ने बैट या बॉल उठाते वक्त देखा था। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारत की बेटियों ने मैदान पर ऐसा तूफान मचाया कि पूरी दुनिया दंग रह गई। आज पूरा देश एक सांस में, एक भावना में भारत-भारत चिल्ला रहा था। इस ऐतिहासिक पल को और खास बनाती है हिमाचल की बेटी रेणुका ठाकुर की इस टीम में मौजूदगी। उन्होंने अपने दमखम से इस जीत में नया जोश भरा।
भाई ने कहा ऑल द बेस्ट : रेणुका
के भाई विनोद ठाकुर ने भी अपनी बहन से फोन पर बात करते हुए 'ऑल द बेस्ट' कहा। जैसे-जैसे मैच शुरू होने का समय नजदीक आता गया, रेणुका के घर पर परिवारजन और रिश्तेदारों का जमावड़ा बढ़ता गया। घर पर मैच देखने वालों के लिए दिनभर भोजन बनाने की तैयारियां चलती रहीं। माहौल उत्सव से कम नहीं था। लोग रेणुका की जिंदगी के इस सबसे बड़े पल का जश्न एक साथ मनाना चाहते थे।
10 नंबर की जर्सी वाले ये हैं महान खिलाड़ी
10 नंबर की जर्सी पहनती हैं रेणुका
सचिन तेंदुलकर : (भारत) उनके सम्मान में भारत में यह नंबर रिटायर कर दिया।
लसिथ मलिंगा (श्रीलंका) अपने स्लिंगिंग एक्शन और घातक यॉर्कर्स के लिए प्रसिद्ध
कुमार संगकारा (श्रीलंका) कुछ टूर्नामेंटों में उन्होंने भी 10 नंबर की जर्सी पहनी थी।
शाकिब अल हसन : (बांग्लादेश)- विश्व के शीर्ष ऑलराउंडरों में से एक।
रेणुका का गेंदबाजी कॅरिअर
टेस्ट वनडे टी-20
मैच 3 27 54
पारी 6 26 53
विकेट 2 41 58
औसत 90 25 21
स्ट्राइक रेट 150 30 20
(SBP)
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →