Rohtang : Hours-Long Traffic Jam at Rohtang Pass Triggers Weekend Chaos : रोहतांग टॉप पर कई घंटे का जाम, वीकेंड पर फिर त्राहिमाम
बाबूशाही ब्यूरो
रोहतांग/मनाली, 30 मई: 2026 : पर्यटन सीजन के चरम पर पहुंचते ही शनिवार को रोहतांग दर्रे की ओर जाने वाले मार्ग पर एक बार फिर भारी यातायात दबाव देखने को मिला। वीकेंड के चलते हजारों पर्यटक सुबह से ही रोहतांग और अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल की ओर निकल पड़े, जिसके कारण रोहतांग टॉप के आसपास कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। वाहनों की लंबी कतारों में फंसे पर्यटकों को घंटों तक इंतजार करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार सुबह से ही मनाली, पलचान, कोठी और राहनी नाला क्षेत्र में वाहनों की संख्या लगातार बढ़ती रही। दोपहर तक रोहतांग टॉप के समीप सड़क पर वाहनों का दबाव इतना बढ़ गया कि यातायात रेंगने लगा। कई स्थानों पर पर्यटकों को तीन से चार घंटे तक जाम में फंसे रहना पड़ा। हालांकि मनाली शहर और मनाली से सोलंग वैली तक यातायात लगभग सामान्य रहा। लेकिन रोहतांग दर्रे पर बर्फ के चलते सड़क संकरी होने से जाम की स्थिति पैदा हो रही है।
जाम के कारण सबसे अधिक परेशानी छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिला पर्यटकों को झेलनी पड़ी। कई वाहन चालक सड़क किनारे गाड़ियां खड़ी कर स्थिति सामान्य होने का इंतजार करते रहे। पर्यटकों ने बताया कि प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने की उत्सुकता में वे रोहतांग पहुंचे थे, लेकिन अधिकांश समय जाम में ही गुजर गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पर्यटन सीजन के दौरान प्रत्येक वीकेंड पर यही स्थिति बन रही है। मनाली और रोहतांग के बीच सड़क की सीमित क्षमता तथा वाहनों की लगातार बढ़ती संख्या के कारण यातायात व्यवस्था पर दबाव बढ़ता जा रहा है। हालांकि पुलिस और प्रशासन द्वारा यातायात को सुचारु रखने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन पर्यटकों की भारी आमद के सामने व्यवस्थाएं अपर्याप्त साबित हो रही हैं।
क्या कहते हैं कुल्लू के SP मदन लाल कौशल
उधर, एसपी कुल्लू मदन लाल कौशल ने वाहन चालकों से संयम बरतने तथा निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वीकेंड और अवकाश के दिनों में पर्यटकों की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना बढ़ जाती है, जिसके चलते जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। पंचायत चुनाव के चलते फिलहाल जवानों की कमी है। फिर भी करीब 50 जवानों को ट्रैफिक प्रबंधन के लिए तैनात किया गया है। जल्द यहां नफरी बढ़ा दी जाएगी।
गर्मी से राहत पाने पहाड़ों की ओर रुख कर रहे सैलानी
पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों के अनुसार भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में सैलानी कुल्लू-मनाली पहुंच रहे हैं। होटल कारोबार में भी तेजी आई है और अधिकांश प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भारी भीड़ देखी जा रही है। ऐसे में आने वाले दिनों में भी यातायात दबाव बने रहने की संभावना जताई जा रही है। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →