धन धन श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व को समर्पित विशाल नगर कीर्तन - सिख पंथ की चढ़दी कला का प्रतीक : हरमीत सिंह कालका
मनमोहन सिंह
नई दिल्ली, 5 नवंबर 2025 : धन धन श्री गुरु नानक देव जी के पावन प्रकाश पर्व के शुभ अवसर पर दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा आयोजित विशाल नगर कीर्तन ने पूरी दिल्ली को गुरबाणी के मधुर सुरों से गुंजा दिया। इस पवित्र अवसर पर कमेटी के प्रधान सरदार हरमीत सिंह कालका ने समस्त सिख संगत को चढ़दी कला और प्रकाश पर्व की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।

सरदार कालका जी ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी का जीवन संदेश — “नाम जपो, कीरत करो, वंड छको” — केवल एक उपदेश नहीं, बल्कि मानवता के लिए आदर्श जीवन जीने का मार्ग है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में कल निकाला गया नगर कीर्तन गुरु साहिब की शिक्षाओं का जीवंत प्रतीक था, जहाँ हज़ारों सिख भाईचारे के सदस्य श्री गुरु नानक देव जी की बाणी का सिमरन करते हुए अपनी श्रद्धा प्रकट कर रहे थे।
सरदार कालका जी ने विशेष रूप से श्रोमणी सिख संगत और सभी प्रबंधक सदस्यों — गुरमीत सिंह (प्रधान), जतिंदर सिंह सोनू, हरजीत सिंह, हरजिंदर सिंह, सरदार बलजीत सिंह औलख, हरजिंदर पाल सिंह नागी और रजिंदर सिंह घुग्गी — का धन्यवाद किया, जिनके उत्साह और सेवा भाव ने इस आयोजन को अत्यंत सफल बनाया।
उन्होंने कहा कि जहाँ-जहाँ गुरु के लंगर के स्टॉल लगे थे, वहाँ सिख धर्म के मूल सिद्धांत — सेवा, समानता और साझेदारी — की सजीव झलक दिखाई दी। गुरु की बाणी पढ़कर और गुरमत मार्ग पर चलकर ही हम अपने जीवन को सफल बना सकते हैं।
सरदार हरमीत सिंह कालका, प्रधान दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने बताया कि जगत गुरु धन धन श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश गुरुपर्व को समर्पित 17 सिंह सभाओं की संयुक्त "श्रोमणी सिख संगत", विष्णु गार्डन द्वारा भव्य नगर कीर्तन सजाया गया। इस नगर कीर्तन में संगत ने बड़ी संख्या में भाग लेकर गुरु का यशगान किया।
इस अवसर पर सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा ने संगत से अपील की कि आगामी गुरु तेग बहादुर साहिब जी की शहादत शताब्दी के अवसर पर 17 और 18 नवंबर को होने वाले विशाल नगर कीर्तनों में भी श्रोमणी सिख संगत पूर्ण सहयोग के साथ भाग ले, ताकि पूरी दुनिया को यह संदेश दिया जा सके कि गुरु तेग बहादुर साहिब की शहादत से जन्मे खालसे की आत्मा आज भी चढ़दी कला (उत्साह और उत्थान) का प्रतीक है।
अंत में सरदार हरमीत सिंह कालका ने कहा कि “गुरु साहिब की बाणी हमें हमेशा सत्य, सेवा और विनम्रता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। आइए, हम सब मिलकर गुरु नानक देव जी के उपदेशों को अपने जीवन में अपनाएँ और सच्चे अर्थों में मानवता की सेवा करें।”
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →