डंकी रूट ने ली मोहाली के गबरू की जान: मैक्सिको में भूख-प्यास से तड़पकर तोड़ा दम
मोहाली/डेराबस्सी, 14 फरवरी 2026 : अमरीका जाकर डॉलर कमाने का सपना पंजाब के एक और नौजवान के लिए मौत का जाल साबित हुआ। मोहाली के गांव समगौली के 28 वर्षीय हरदीप सिंह की मैक्सिको में भूख और प्यास के कारण तड़प-तड़प कर मौत हो गई। डंकी रूट के जरिए मौत के मुंह में धकेले गए इस युवक का शव करीब चार महीने बाद वतन पहुंचा है।
एजेंटों का खौफनाक चेहरा और 38 लाख का खर्चा
हरदीप जुलाई 2024 में अमरीका के लिए घर से निकला था। परिवार ने एजेंटों को करीब 38 लाख रुपये दिए थे, लेकिन एजेंटों ने उसे मैक्सिको के एक कमरे में भूखा-प्यासा कैद कर दिया। मौत से पहले हरदीप ने एक भावुक वीडियो भी भेजा था, जिसमें उसने मुख्यमंत्री भगवंत मान और पुलिस प्रशासन से मदद की गुहार लगाई थी।
नेपाली दस्तावेजों ने बढ़ाई मुश्किलें
धोखेबाज एजेंटों ने हरदीप को अमरीका भेजने के लिए उसके फर्जी दस्तावेज नेपाल के बनवाए थे। यही वजह थी कि उसकी मौत के बाद मैक्सिको सरकार उसे भारतीय मानने को तैयार नहीं थी। परिवार को उसका शव भारत लाने के लिए लंबी कानूनी लड़ाई लड़नी पड़ी। अंत में पुलिस ने एंबेसी के साथ मिलकर भारत से हरदीप के फिंगरप्रिंट भेजे और वेरिफिकेशन करवाई, जिसके बाद उसकी भारतीय नागरिकता साबित हुई और शव लाने का रास्ता साफ हुआ।
गांव में मातम, एक एजेंट गिरफ्तार
जैसे ही हरदीप का शव गांव पहुंचा, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। गमगीन माहौल में गांव के श्मशान घाट पर उसका अंतिम संस्कार किया गया। इस मामले में डेराबस्सी पुलिस ने दो ट्रेवल एजेंटों के खिलाफ मामला दर्ज किया था, जिनमें से एक आरोपी को गिरफ्तार कर तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है।
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →