Himachal Breaking : कसौली के जंगलों में भीषण आग, एयरफोर्स स्टेशन तक पहुंची लपटें, खबर विस्तार से
सेना के हेलीकॉप्टर ने सुखना झील से पानी भरकर पाया काबू, 7/8 घंटे चला ऑपरेशन
चीड़ की सूखी पत्तियों ने बारूद की तरह पकड़ी आग, जंगेशू से शुरू हुआ तांडव
सोलन के बसाल, कंडाघाट, शमलेच , आंजी के घने जंगलों में भी जारी है आग का तांडव
बाबूशाही ब्यूरो
कसौली (सोलन) 27 मई 2026 : हिमाचल की पर्यटन नगरी कसौली के साथ लगते घने जंगलों में मंगलवार दोपहर भड़की आग ने शाम होते-होते विकराल रूप धारण कर लिया। लपटें एयरफोर्स स्टेशन कसौली के बेहद नजदीक पहुंच गईं, जिसके बाद प्रशासन ने तुरंत सेना से मदद मांगी। भीषण आग को देखते हुए भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टर को आग बुझाने के अभियान में लगाया गया।
सेना का हेलीकॉप्टर चंडीगढ़ की सुखना झील से पानी भरकर आग प्रभावित क्षेत्र में लगातार बौछार करता रहा। करीब 7/8 घंटे तक चले इस हवाई ऑपरेशन के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
जानकारी के अनुसार दोपहर बाद जंगेशू क्षेत्र की ओर से चीड़ की सूखी पत्तियों में अचानक आग लग गई। गर्मी के कारण बारूद की तरह सूख चुकी चीड़ की पत्तियों ने चिंगारी पकड़ते ही पूरे जंगल को अपनी चपेट में ले लिया। तेज हवाओं के कारण आग पल भर में कई किलोमीटर तक फैल गई।
आग की सूचना मिलते ही छावनी परिषद कसौली की फायर ब्रिगेड, एयरफोर्स स्टेशन की दमकल इकाई मौके पर पहुंच गई। हालात बिगड़ते देख कुठाड़ व परवाणू से भी दमकल विभाग की गाड़ियां बुलाई गईं। दमकल कर्मी, वन विभाग के कर्मचारी और सेना के जवान पूरी रात आग बुझाने में जुटे रहे।
प्रशासन ने पुष्टि की है कि फिलहाल फायर स्टेशन के पास आग पूरी तरह बुझ चुकी है और स्थिति नियंत्रण में है। वन विभाग नुकसान का आकलन कर रहा है लेकिन अब कसौली के मॉल रोड़, VIP एरिया जंगेषु मणोन रोड़ हर कसौली अप्पर मॉल के नजदीक जंगलों में आग लगी हुई है।
इसी के साथ सोलन के शमलेच, आंजी, कंडाघाट, बसाल जैसे घने जंगलों में आग ने तांडव मचाया हुआ हैं। यहां पर भी वन विभाग की टीमें आग पर काबू पाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →