Himachal Breaking: हिमाचल की न्यूगल खड्ड में मौत के मुंह से बचाए 7 पर्यटक, एक घंटे तक चला रेस्क्यू, अचानक बढ़ा खड्ड का जलस्तर
बाबूशाही ब्यूरो
पालमपुर (कांगड़ा) 06 जुलाई 2026 : पालमपुर की न्यूगल खड्ड में अचानक जलस्तर बढ़ने से पंजाब के सात पर्यटक फंस गए, जिन्हें फायर ब्रिगेड ने एक घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सुरक्षित निकाला।
पालमपुर स्थित न्यूगल खड्ड में शनिवार को एक बड़ा हादसा होते होते टल गया। खड्ड में अचानक जलस्तर बढ़ने और अस्थाई पुलिया के बह जाने के कारण पंजाब से आए सात पर्यटक बीच मंझधार में फंस गए। फायर ब्रिगेड पालमपुर की टीम ने तत्परता दिखाते हुए एक अस्थाई पुल बनाकर सभी को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। यह रेस्क्यू एक घंटे तक चला जिसमें सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार पंजाब के जालंधर से आए ये सात पर्यटक पिछले दो दिनों से खड्ड के पास स्थित नित्य कैफे में ठहरे हुए थे।शनिवार दोपहर को वह खड्ड में मस्ती करने गए थे कि अचानक जलस्तर बढ़ गया, इससे वहां बनी अस्थाई पुलिया पानी के तेज बहाव में बह गई। खड्ड के बीचों बीच फंसे लोगों में दो पुरुष, तीन महिलाएं और दो छोटे बच्चे शामिल थे।
बताया जा रहा है कि हाइडल प्रोजेक्ट की ओर से पानी छोड़े जाने के दौरान सायरन भी बजाया गया था, लेकिन पर्यटक इसे समझ नहीं पाए और खड्ड के बीच फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही पालमपुर के एसडीएम डॉ. ओपी यादव ने त्वरित कार्रवाई की। उन्होंने स्वयं अपनी गाड़ी लेकर फायर ब्रिगेड कार्यालय पहुंचे व टीम को सूचित किया और रेस्क्यू आपरेशन के लिए निर्देशित किया।
फायर ब्रिगेड प्रभारी सुरिंद्र कुमार के नेतृत्व में पहुंची टीम ने जान जोखिम में डालकर खड्ड पर एक अस्थाई पुल का निर्माण किया। इसके माध्यम से टीम ने बारी-बारी से सभी सातों पर्यटकों को सकुशल बाहर निकाला। फायर ब्रिगेड की इस बहादुरी और तत्परता की स्थानीय लोग खूब सराहना कर रहे हैं। अपनी जान पर खेलकर लोगों की जान बचाने के लिए स्थानीय लोगों ने टीम के साहस को सलाम किया है। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →