Himachal: नशा तस्करों की 85.75 लाख की संपत्ति फ्रीज, ऊना पुलिस को फाइनांशियल इन्वेस्टिगेशन में बड़ी सफलता
बाबूशाही ब्यूरो
ऊना : 21 अगस्त 2026 :
प्रदेश सरकार की नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए जिला पुलिस ऊना द्वारा नशा तस्करों के विरुद्ध लगातार कड़ी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में ऊना पुलिस ने नशा तस्करी से अर्जित संपत्ति पर आर्थिक प्रहार करते हुए फाइनांशियल इन्वेस्टिगेशन के तहत बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस थाना अंब के अंतर्गत फरवरी माह में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज अभियोग संख्या 26/2026 की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों की वित्तीय गतिविधियों और संपत्तियों की जांच की। फाइनांशियल इन्वेस्टिगेशन में आरोपी तथा उसकी पत्नी के नाम पर चल-अचल संपत्तियों का पता चला।
पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के तहत 20 अगस्त को प्रभारी पुलिस थाना अंब ने आरोपी और उसकी पत्नी के नाम दर्ज दो मंजिला रिहायशी भवन, आठ मरला जमीन, दो एलएमवी वाहन, एक गुड्स ट्रांसपोर्ट एलएमवी, एक बैंक खाता तथा नौ पोस्टल सेविंग अकाउंट सहित कुल 8575012 रुपए मूल्य की संपत्ति फ्रीज कर दी।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई नशे के अवैध कारोबार से अर्जित धन और संपत्ति के विरुद्ध एक महत्त्वपूर्ण कदम है। ऊना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी के मामलों में केवल आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई तक सीमित न रहते हुए अब उनकी आर्थिक गतिविधियों और अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों की भी गहन जांच की जा रही है।
और बड़ी कार्रवाई, जांच जारी
एसपी सचिन हीरेमठ ने कहा कि नशा तस्करी से जुड़े कई अन्य मामलों में भी फाइनांशियल इन्वेस्टिगेशन की प्रक्रिया जारी है। इन मामलों में आरोपियों की संपत्तियों, बैंक खातों तथा अन्य वित्तीय लेन-देन की जांच की जा रही है। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →