Breaking News: वंदे मातरम पर हिमाचल विधानसभा में हंगामा, सदन के भीतर भिड़े भाजपा-कांग्रेस विधायक, किया वाकआउट
शिमला : 21 अगस्त 2026 : हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के पहले ही दिन राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ को लेकर सदन में जोरदार हंगामा हो गया। विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने से पहले राष्ट्रगीत का गायन नहीं कराए जाने को लेकर भाजपा विधायकों ने आपत्ति जताई और विरोध शुरू कर दिया।
भाजपा विधायकों ने सवाल उठाया कि विधानसभा सत्र की शुरुआत जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर राष्ट्रगीत का गायन क्यों नहीं कराया गया। इस मुद्दे पर विपक्षी विधायक नारेबाजी और विरोध करते हुए सदन में अपनी बात रखने लगे। देखते ही देखते माहौल गरमा गया और सत्ता पक्ष तथा विपक्ष के विधायकों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई।
हंगामे के बीच भाजपा विधायक विरोध जताते हुए सदन से बाहर निकल आए। इसके बाद कांग्रेस के कुछ विधायक भी सदन से बाहर आए और दोनों पक्षों के बीच विधानसभा परिसर में भी राजनीतिक तनातनी देखने को मिली।
पहले से गरम था वंदे मातरम का मुद्दा
दरअसल, देशभर में इन दिनों ‘वंदे मातरम’ के गायन को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक विवाद चल रहा है। कांग्रेस कार्यसमिति ने पार्टी के कार्यक्रमों में राष्ट्रगीत के शुरुआती दो छंद गाने का फैसला दोहराया है। भाजपा ने कांग्रेस के इस रुख का कड़ा विरोध किया है।
हिमाचल विधानसभा में सत्र शुरू होने से एक दिन पहले भाजपा विधायक दल की बैठक में भी इस मुद्दे पर चर्चा हुई थी। भाजपा विधायक रणधीर शर्मा के अनुसार, कांग्रेस की ओर से ‘वंदे मातरम’ के केवल दो छंद गाने के निर्णय के विरोध में भाजपा विधायक दल की बैठक में निंदा प्रस्ताव पारित किया गया था।
ऐसे में सत्र के पहले ही दिन विधानसभा में ‘वंदे मातरम’ को लेकर हुआ हंगामा राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आने वाले दिनों में यह मुद्दा सदन की कार्यवाही के दौरान भी तूल पकड़ सकता है।
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →