Himachal Monsoon Update: प्रदेश में मानसून ने फिर पकड़ी रफ्तार, अगले चार दिन तेज बारिश का येलो अलर्ट
कल से तीन सितंबर तक जमकर बरसेंगे बादल; भू-स्खलन 64 सड़कें, 226 बिजली ट्रांसफार्मर ठप
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला/कुल्लू: 31 अगस्त 2026 : हिमाचल प्रदेश में कुछ दिनों की सुस्ती के बाद मानसून ने फिर रफ्तार पकड़ ली है। रविवार को बाद दोपहर राजधानी शिमला समेत प्रदेश के कई हिस्सों में जोरदार बारिश हुई। शिमला शहर में करीब तीन घंटे तेज बारिश का दौर चला। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने अगले चार दिन यानी 31 अगस्त से तीन सितंबर तक भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार रविवार शाम तक प्रदेश में भू-स्खलन के कारण 64 सड़कें बंद हैं, वहीं 226 बिजली ट्रांसफार्मर काम नहीं कर रहे हैं और नौ पेयजल परियोजनाएं प्रभावित रहीं।
इसमें मंडी जिला में सबसे अधिक 24 सड़कें बंद हैं, जबकि कुल्लू में 16 और कांगड़ा तथा सिरमौर में सात-सात सड़कें बंद हैं। मंडी जिला के गोहर में 217 ट्रांसफार्मरों के ठप होने से बिजली गुल है। इस मानसून सीजन में अब तक बारिश और इससे जुड़े हादसों में 253 लोगों की मौत और 462 लोग घायल हुए हैं, जबकि एक लापता है। मृतकों में 149 मौतें सड़क हादसों में हुई हैं, जबकि 104 लोगों की जान भू-स्खलन, फ्लैश फ्लड, बहने, फिसलने, पहाड़ी से गिरने और बारिश से जुड़ी अन्य घटनाओं में गई है। सरकार के आकलन के अनुसार मानसून से अब तक 1,184 करोड़ रुपए की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
परवाणू के टकसाल में बारिश से मकान जमींदोज
परवाणू। परवाणू में शनिवार शाम करीब दो घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश ने परवाणू और आसपास के क्षेत्रों में जमकर तबाही मचाई। टकसाल में नाले के उफान पर आने से कई घरों में पानी व मलबा घुस गया, जबकि तेज बहाव की चपेट में आने से एक मकान पूरी तरह गिर गया। कई अन्य मकानों की नींव से मिट्टी खिसकने से खतरे की स्थिति बनी हुई है। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →