हिमाचल के परवाणु में बारिश का कहर, नाले उफान पर, घर-दुकानों में घुसा पानी; NH-5 पर मलबे से थमी रफ्तार
कई इलाकों में बादल फटने जैसे हालात, जलभराव से मची अफरा-तफरी; चक्की मोड़ के पास फोरलेन पर लगातार गिर रहा मलबा
बाबूशाही ब्यूरो
सोलन:03 सितंबर 2026 : हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश ने सोलन जिले के परवाणु और आसपास के क्षेत्रों में मुश्किलें बढ़ा दी हैं। परवाणु में भारी बारिश के बाद कई नदी-नाले उफान पर आ गए हैं। नालों के तेज बहाव का पानी और मलबा कई घरों और दुकानों में घुस गया, जिससे लोगों में अफरा-तफरी का माहौल है। कई स्थानों पर हालात बादल फटने जैसे नजर आ रहे हैं।
बारिश के चलते परवाणु के कई इलाकों में जलभराव हो गया है। पानी और मलबे के तेज बहाव से स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई संपर्क मार्ग भी प्रभावित हुए हैं। हालांकि, अभी तक किसी तरह के जानी नुकसान की सूचना नहीं है।
चंडीगढ़-शिमला हाईवे पर मलबे से बढ़ी परेशानी
लगातार बारिश के कारण चंडीगढ़-शिमला नेशनल हाईवे-5 पर भी खतरा बढ़ गया है। चक्की मोड़ के समीप पहाड़ी से लगातार मलबा सड़क पर आ रहा है, जिससे फोरलेन की एक लेन प्रभावित हुई है। इसके कारण हाईवे पर यातायात धीमा हो गया है और कई जगह जाम जैसी स्थिति बन रही है। वाहन रेंग-रेंगकर आगे बढ़ रहे हैं।
पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। बारिश जारी रहने के कारण हाईवे पर भूस्खलन और मलबा आने का खतरा बना हुआ है।
जाबली में दुकानों में घुसा फोरलेन का पानी
धर्मपुर के साथ लगते जाबली क्षेत्र में भी भारी बारिश के बाद स्थिति खराब हो गई। फोरलेन से बहकर आया बारिश का पानी कई दुकानों में घुस गया। स्थानीय लोगों को पानी और मलबे के कारण काफी नुकसान उठाना पड़ा है।
भारी बारिश के कारण कसौली विधानसभा क्षेत्र में भी लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान की बात सामने आ रही है। प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों में हालात पर नजर रखे हुए है।
प्रशासन ने जारी किया अलर्ट
मौसम के बिगड़े हालात को देखते हुए कसौली उपमंडल प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। कसौली के एसडीएम महेंद्र प्रताप सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि भारी वर्षा के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें।
उन्होंने कहा कि मौसम की स्थिति को देखते हुए लोगों को नदी-नालों, खड्डों, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और अन्य संवेदनशील स्थानों से दूर रहना चाहिए। प्रशासन कसौली, धर्मपुर, चक्की मोड़ और परवाणु क्षेत्र में स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
फिलहाल भारी बारिश के बीच प्रशासन ने लोगों से विशेष सावधानी बरतने और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन से संपर्क करने की अपील की है। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →