Himachal: BBN : Tax Collection: हिमाचल के राजस्व में बीबीएन से आए 2500 करोड़, तीन साल में जीएसटी-एक्साइज कलेक्शन ने भरा सरकार का खजाना
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला : 06 सितंबर 2026 : हिमाचल के सबसे बड़े औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन यानी बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ से टैक्स कलेक्शन के जरिए राज्य सरकार को मिलने वाली मदद बढ़ रही है। यहां से एक्साइज, जीएसटी, रेवेन्यू स्टांप ड्यूटी आदि मदों में खजाने को हर साल करोड़ों की आय हो रही है। यदि तीन साल का आंकड़ा देखा जाए तो बीबीएन से केवल जीएसटी और एक्साइज, इन दो ही मदों में हिमाचल सरकार को 2500 करोड़ रुपए से अधिक की आय हुई है।
उल्लेखनीय है कि बीबीएन में इलाके में सालाना 50 हजार करोड़ रुपए का दवा कारोबार होता है। इसके अलावा वहां अन्य औद्योगिक इकाइयां भी फंक्शन कर रही हैं। ऐसे में विभिन्न मदों में करोड़ों की आय स्वाभाविक है। बीबीएन से आय के लिहाज से एचपी स्टेट एक्साइज एंड टैक्सेशन डिपार्टमेंट की बात की जाए, तो वर्ष 2023-24 में एक्साइज से 307 करोड़ रुपए से अधिक की आय हुई। इसी प्रकार वर्ष 2024-25 में ये आंकड़ा 313 करोड़ रुपए रहा।
फिर वर्ष 2025-26 ये बढ़कर 363.50 करोड़ रुपए हो गया। वर्ष 2026 में अप्रैल से 31 जुलाई तक एक्साइज से आय 127.22 करोड़ रुपए रही है।
इस प्रकार एक्साइज से कुल आय 1122.39 करोड़ रुपए रही है। जीएसटी की मद में बीबीएन से वर्ष 2023-24 219.17 करोड़ रुपए इनकम हुई। ये आय अगले वित्त वर्ष यानी 2024-25 में बढक़र 421.66 करोड़ रुपए हो गई। वित्त वर्ष 2025-26 में ये बढक़र 486.29 करोड़ रुपए हुई। नए वित्त वर्ष में अप्रैल, 2026 से 31 जुलाई, 2026 तक जीएसटी से 318.13 करोड़ रुपए जुटाए गए। इस तरह जीएसटी से प्राप्त आय का आंकड़ा 1445.35 करोड़ रुपए बनता है। केवल एक्साइज व जीएसटी को जोड़ दिया जाए तो ये रकम अढ़ाई हजार करोड़ रुपए से अधिक की होती है।
रेवेन्यू स्टांप ड्यूटी से मिले 133.04 करोड़
बीबीएन से रेवेन्यू स्टांप ड्यूटी से राज्य सरकार को कुल 133.04 करोड़ रुपए की आय हुई। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →