National Teachers' Award : हिमाचल की मंजरी सहित 82 को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार, टीचर्स-डे के मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किए सम्मानित
बाबूशाही नेटवर्क
नई दिल्ली/शिमला : 06 सितंबर 2026 : शिक्षक दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को नई दिल्ली में आयोजित समारोह में हिमाचल प्रदेश की मंजरी वी महाजन सहित देशभर के 82 उत्कृष्ट शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार प्रदान किए।
इन शिक्षकों को स्कूली शिक्षा और साक्षरता के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। बता दें कि हिमाचल के सुजानपुर स्कूल की प्रिंसीपल मंजरी महाजन ने स्कूल में बच्चों की पढ़ाई के साथ पर्यावरण बचाने पर काम किया है। उन्होंने कचरा अलग करने, प्लास्टिक जमा करने और कैंपस को प्लास्टिक से मुक्त रखने की व्यवस्था की।
राष्ट्रपति मुर्मू ने तीन विभागों से चुने गए 82 शिक्षकों और शिक्षाविदों को सम्मानित किया। इनमें स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग के 48 शिक्षक, उच्च शिक्षण संस्थानों और पॉलिटेक्निक के 21 शिक्षक या फैकल्टी सदस्य, कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय के 13 कौशल प्रशिक्षक शामिल हैं।
शिक्षा मंत्रालय के मुताबिक, नेशनल अवॉर्ड के लिए हिमाचल प्रदेश संग 27 राज्यों, सात केंद्र शासित प्रदेशों से 82 टीचर्स को चुना गया था। इनका चयन स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग ने तीन चरणों में किया। यह प्रक्रिया जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पूरी हुई। नेशनल अवॉर्ड का मकसद शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर काम करने वाले टीचर्स को सम्मानित करना है। इसमें ऐसे टीचर्स को चुना जाता है, जिन्होंने पढ़ाई के नए तरीके अपनाकर छात्रों के सीखने और विकास में योगदान दिया हो। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →