Himachal Union Of Journalists: पत्रकारों की विभिन्न मांगों पर सीएम कार्यालय ने लिया संज्ञान, जनसंपर्क निदेशक दिए ये निर्देश
बाबूशाही ब्यूरो
ऊना। हिमाचल प्रदेश यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (HPUJ) की ओर से पत्रकारों की विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को भेजे गए मांगपत्र पर मुख्यमंत्री कार्यालय ने संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री के विशेष सचिव कार्यालय ने इस संबंध में निदेशक, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, हिमाचल प्रदेश को पत्र भेजकर मांगों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि HPUJ के प्रदेश अध्यक्ष जोगिंद्र देव आर्य की ओर से भेजे गए प्रतिनिधित्व की प्रति संलग्न की गई है। निदेशक, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से उचित मांगों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है। पत्र की प्रति HPUJ प्रदेश अध्यक्ष जोगिंद्र देव आर्य को भी सूचनार्थ भेजी गई है।
HPUJ की ओर से पत्रकारों की सुरक्षा, पत्रकार कल्याण, सामाजिक सुरक्षा, कल्याण बोर्ड, स्वास्थ्य सुविधाओं, दुर्घटना एवं मृत्यु सहायता तथा अन्य मांगों को सरकार के समक्ष उठाया गया था। संगठन ने इन मांगों को आगामी बजट में शामिल करने की भी मांग की है।
HPUJ प्रदेश अध्यक्ष जोगिंद्र देव आर्य, महासचिव किशोर ठाकुर, पूर्व अध्यक्ष डॉ. रणेश राणा, उपाध्यक्ष डॉ. शशिभूषण पुरोहित एवं पंकज कतना, संगठन मंत्री गोपाल शर्मा, जिला ऊना अध्यक्ष भारत भूषण तथा महासचिव स्पर्श शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा मांगपत्र को संबंधित विभाग को कार्रवाई के लिए भेजना पत्रकारों से जुड़े मुद्दों के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि सूचना एवं जनसंपर्क विभाग पत्रकारों की मांगों का गंभीरता से परीक्षण कर सरकार को आवश्यक कार्रवाई के लिए अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगा। संगठन ने मुख्यमंत्री का मांगपत्र पर संज्ञान लेने के लिए आभार व्यक्त किया। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →